जबलपुर टूर से वापस आया था मृतक, 8 महीने पहले हुई थी शादी
भोपाल(ए)। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना इलाके के कजलीखेड़ा में एक निजी कॉलेज के पास अलसुबह करीब साढ़े पॉच बजे एक टैक्सी ड्रायवर ने खुद पर डीजल छिडक़कर आग लगा ली। दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी शादी आठ महीने पहले ही हुई थी, मृतक ने यह खौफनाक आत्मघाती कदम क्यो उठाया फिलहल इसके कारणो का खुलासा नहीं हो सका है। मिली जानकारी के अनुसार कजलीखेड़ा कोलार में रहने वाला 22 साल का मधुर जाटव पिता रामबाबू जाटव निजी ट्रैवल्स की कार चलाता था। परिवार वालो का कहना है कि मधुर दो दिन पहले सवारी लेकर जबलपुर जाने का कहकर निकला था। इसके बाद शुक्रवार रात को पिता रामबाबू से उसकी फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय उसने ठीक से की और किसी तरह की परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था। इसके बाद शुक्रवार अलसुबह 5:30 बजे पुलिस ने ट्रैवल्स के मालिक को फोन कर मधुर के आग लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। ट्रैवल्स मालिक ने फौरन ही इसकी जानकारी मधुर के पिता रामबाबू को दी। सूचना पाकर पहुंचे परिवार वालो ने पुलिस को बताया की मधुर की शादी आठ महीने पहले ही हुई थी। उस समय वह मंत्रालय के एक अधिकारी का वाहन चलाता था। उसके पत्नी से भी किसी तरह की अनबन या पारिवारिक तनाव या अन्य किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि परिवार वालो ने आशंका जताते हुए कहा है की मधुर टूर पर जबलपुर गया था, और वहां से लौटते ही उसने यह कदम उठाया है। इससे संदेह है की टूर के दौरान ही उसके साथ कोई ऐसी बात हुई है, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








