रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स को स्टेशन पर हुई भगदड़ की वीडियो हटाने को कहा

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (एनडीएलएस) पर मची भगदड़ का वीडियो हटाने को कहा है।रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने नैतिक मानदंडों और मंच की सामग्री नीति का हवाला देते हुए 17 फरवरी को नोटिस जारी किया है और 36 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
मंत्रालय के नोटिस में एक्स को भगदड़ के वीडियो वाले 285 सोशल मीडिया लिंक हटाने को कहा गया है।रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय के अपने नोटिस में मृत व्यक्तियों को चित्रित करने वाले संवेदनशील या परेशान करने वाले मीडिया पर चिंता जताई।
उसने कहा यह न केवल नैतिक मानदंडों के खिलाफ है, बल्कि एक्स.कॉम की सामग्री नीति का भी उल्लंघन करता है, क्योंकि ऐसी वीडियो से अनावश्यक कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।
उसने कहा, सोशल मीडिया की सामग्री भारतीय रेलवे परिचालन को बाधित कर सकती है, खासकर तब, जब वर्तमान में ट्रेनों में भारी भीड़ है।एनडीएलएस में भगदड़ के बाद दिल्ली रेल डिवीजन ने 19 फरवरी को एक नया प्रोटोकॉल लागू किया है।इसके तहत स्टेशन अधिकारियों को एनडीएलएस के प्लेटफार्म 8 से 16 पर किसी भी ट्रेन को आने की अनुमति देने से पहले रेलवे सुरक्षा बल से मंजूरी लेनी होगी।
इन प्लेटफॉर्मों पर प्रयागराज, पटना, कानपुर, लखनऊ, हावड़ा आदि पूर्वी क्षेत्रों से आने-जाने वाली ट्रेनें चलती हैं और महाकुंभ के कारण यात्रियों का दबाव है।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म टिकट भी बंद है।
एनडीएलएस पर 15 फरवरी को रात साढ़े 9 बजे भगदड़ मच गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 14 महिलाएं और 3 बच्चे हैं। लगभग 25 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा का एक व्यक्ति है।
पुलिस ने बताया कि संभवत: प्रयागराज नाम की 2 ट्रेनों के अनाउंसमेंट के कारण घटना हुई।
रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख और घायलों को 2.5 लाख रुपये मुआवजा दिया है।

Previous articleवैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है भारत : मोदी
Next articleमहाकुंभ में अब तक 58 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी