भोपाल(आरएनएस)। नगर निगम द्वारा सडक़ों, फुटपाथों, कॉरीडोर व सार्वजनिक स्थलों आदि से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण निरोधक कार्यवाही करते हुए सडक़ों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से खड़े वाहन, गुमठियां, हाथ ठेले, बैरीकेट, टेंट, टीन शेड आदि को हटाया साथ ही कटआउट आदि निकलवाए और कंडम वाहन, लोडिंग ऑटो, गुमठियां, ठेले आदि सहित अन्य प्रकार का सामान जप्त भी किया। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने गुरूवार को कोलार रोड, फाईव एवेन्यू, डी-मार्ट, सर्वधर्म पुलिया, कोलार थाना, दानिशकुंज, कटारा हिल्स, स्प्रिंग वैली, रॉयल मार्केट, संत हिरदाराम नगर, मल्टी लेवल पार्किंग, अरेरा कालोनी, ओल्ड कैम्पियन ग्राउंड, कोकता, सोनागिरी, न्यू मार्केट, टी.टी. नगर, दशहरा मैदान, अशोका गार्डन, परिहार चौराहा, होशंगाबाद रोड, मैदामिल, स्टेशन बजरिया, रेलवे स्टेशन प्लेट फार्म क्रमांक 06 की ओर, मॉडल ग्राउंड आदि क्षेत्रों में अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करते हुए टी.टी. नगर दशहरा मैदान क्षेत्र में आवागमन को बाधित करने वाले लगभग 250 चार पहिया एवं 300 दो पहिया वाहनों एवं अवैध रूप से निर्मित 07 शेड हटवाने की कार्यवाही की साथ ही 04 कंडम वाहन, 02 लोडिंग ऑटो, 04 बड़ी गुमठियां जप्त की। निगम अमले ने अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में सब्जी, फल आदि के विक्रेताओं के ठेले, अस्थायी रूप से लगाई गुई दुकाने, गुमठियां, बैरीकेट्स, टेंट, कबाड़े का सामान हटवाया साथ ही सम्पत्ति विरूपित करने वाले कटआउट आदि भी हटाने की कार्यवाही की। निगम अमले ने कार्यवाही के दौरान कुल 06 गुमठियां, 13 ठेले, 04 कंडम वाहन, 02 लोडिंग ऑटो जप्त किए।








