प्रशिक्षण होता है सेवाकाल की पूंजी
जबलपुर, । मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के नवनियुक्त कार्यालय सहायकों के सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन गत दिवस हुआ। इस अवसर मुख्य अतिथि पावर जनरेटिंग कंपनी के मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसके जैन, अधीक्षण अभियंता प्रशिक्षण डा. अशोक कुमार तिवारी, कार्मिक अधिकारी वर्तिका गुरबानी सहित प्रशिक्षु कार्यालय सहायक उपस्थित थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवाकाल की पूंजी-मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने प्रशिक्षु कार्यालय सहायकों को संबोधित करते हुए कहा कि दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके लिए सेवाकाल की पूंजी है। सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यालय सहायकों के लिए कार्यालयीन कार्य करते समय सदैव सहायक सिद्ध होगा। दीपक कश्यप ने नवनियुक्त कार्यालय सहायकों को शुभकामना देते हुए अपेक्षा की कि वे पावर जनरेटिंग कंपनी में कार्य करने के दौरान योग्यता व निष्ठा भाव का प्रदर्शन करेंगे। अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसके जैन ने कहा कि दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम गागर में सागर की तरह है। नवनियुक्त कार्यालय सहायकों का कर्त्तव्य बनता है कि वे इस ज्ञान का सदुपयोग करके कंपनी की प्रगति में सहायक बनें।
दो सप्ताह का गहन प्रशिक्षण-नवनियुक्त कार्यालय सहायकों को दो सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में ऑफिस प्रबंधन, ऑफिस संचार, पत्र व नोट शीट लेखन, ड्राफ्टिंग, अकाउंट्स, स्थापना, स्टोर्स, ईआरपी व व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वासुदेव गुरव, नेहा कंधारी, डा. अशोक कुमार तिवारी, खुशबू शर्मा, वर्तिका गुरबानी, अंकित बाजपेई, गोविन्द सिंह गौर, पीएक्स क्रिसलीन, अधिवक्ता निधि पांडे, लोकेश उपाध्याय, मनीषा झारिया, संतोष सदानी आदि अनुभवी व वरिष्ठ प्रशिक्षकों द्वारा गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण को बनाया गया व्यावहारिक-अधीक्षण अभियंता प्रशिक्षण डा. अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टरद्वय सुबोध निगम व मिलिन्द भान्दक्कर के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम को ज्यादा व्यावहारिक बनाया गया है। डा. तिवारी ने कहा कि पावर जनरेटिंग कंपनी का प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर गंभीर है और भविष्य में इसे और वस्तुपरक बनाया जाएगा।
बुनियाद हुई सुदृढ़-प्रशिक्षु कार्यालय सहायक की ओर से हंसिका सिंह परिहार, नंदिता वाईकर, पुलकित वाग्दारे ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी बुनियाद सुदृढ़ हुई है और वे कार्यालयीन कार्यों को अधिक आत्मविश्वास से क्रियान्वित कर सकेंगे।








