मिठी गोबिंदराम स्कूल में छात्रों को दिए गए परीक्षा में सफल होने के टिप्स

Join Us

भोपाल,(आरएनएस)। मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में 9वीं और 11वीं के छात्रों के लिए परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेष अभिप्रेरणात्मक सत्र का आयोजन किया गया। शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसायटी के इस कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सिद्धभाऊ ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। सिद्धभाऊ ने कहा कि परीक्षा जीवन की कसौटी है, जो आत्मबल को मजबूत करती है। छात्रों को समय प्रबंधन और योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही बड़ों का सम्मान, माता-पिता के प्रति कृतज्ञता और अच्छी संगति के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, मां भारती और संत हिरदाराम साहिब के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन से हुआ। इस मौके पर संस्था सचिव घनश्याम बूलचंदानी, प्राचार्य अजय बहादुर सिंह और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी गई। विशेष रूप से मौसमी फल-सब्जियों और अंकुरित अनाज के सेवन पर जोर दिया। अंकुरित गेहूं में मौजूद विटामिन-बी कॉम्पलेक्स और विटामिन-ई के फायदों के बारे में भी बताया, जो मस्तिष्क के विकास और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि नियमित एवं व्यवस्थित अध्ययन के लिए आवश्यक है कि आधुनिक तकनीकि साधनों का प्रयोग त्याग कर अध्ययन के प्रति पूर्ण निष्ठा का भाव बनाए रखें। रोज प्रात: 4 बजे तक उठकर नियमित रूप से अध्ययन करने से एकाग्रता में वृद्धि होती है। इसके साथ ही वातावरण में शांति व्याप्त होने के कारण विषयवस्तु की ग्रहणशीलता में बढ़ोत्तरी होती है। परीक्षा में प्रश्नपत्र को हल करने के लिए जिस पेन का प्रयोग करना चाहते हो उससे परीक्षा से पूर्व नियमित लेखन-अभ्यास करें ताकि आपके हाथों की अंगुलियों का ताल-मेल पेन के साथ स्थापित हो सकें और परीक्षा-कक्ष में लेखन की गति बनी रहें। सभी विषयों की पुनरावृत्ति के लिए समय-सारणी तैयार कर लें ताकि किसी भी विषय की अपर्याप्त तैयारी के साथ परीक्षा देने की स्थिति उत्पन्न न हो। परीक्षा कक्ष में प्रश्न-पत्र को शांत चित्त एवं एकाग्र मन से पढ़ें। जिन प्रश्नों के उत्तर सबसे सरल लगें उन्हें सबसे पहले उत्तरपुस्तिका में हल करें। इसके साथ ही प्रश्नों के उत्तर पूर्ण होने पर शेष पृष्ठ छोडक़र अगले पृष्ठ से नवीन प्रश्न के उत्तर का लेखन करें। ताकि पूर्व उत्तर के कुछ बिन्दु यदि शेष रह जाएं तो आप बाद में भी उन बिन्दुओं को जोड़ सकते है। प्रश्न पत्र को हल करने के लिए 3 घंटे का सदुपयोग करें। परीक्षा समय से पूर्व परीक्षा-कक्ष से बाहर न आएं। यह 3 घंटे आपकी परीक्षा के उत्कृष्ट परिणाम प्रदर्शन के हैं। परीक्षा कक्ष में स्वयं की पानी की बॉटल एवं हाथ-घड़ी साथ लेकर आएं ताकि समय का सदुपयोग हो सकें। अंत में सभागार में उपस्थित सभी छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए सिद्धभाऊ ने परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने संबंधी मार्गदर्शन-पत्रिका, पेन एवं स्केल आशीर्वाद स्वरूप भेंट की। संचालन विद्यालय शिक्षिका शशि नाथ एवं आभार विद्यालय शिक्षक मुकेश तूरिया ने किया।
००

Previous articleप्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का हो रहा है प्रसार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleसंत श्री सेवालाल जी महाराज ने शिक्षा, प्रकृति और समाज में सामाजिक समरता का भाव पैदा किया : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा