कोई बेटे बहु से प्रताड़ित तो कोई आवारा मवेशियों से परेशान होकर  पहुंचा जनसुनवाई में

Join Us

एक व्यक्ति होम्योपैथिक डॉक्टर द्वारा एलोपैथिक उपचार करने की शिकायत लेकर पहुंचा जनसुनवाई में

नर्मदापुरम/ आम जनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शासन के निर्देश अनुसार प्रति मंगलवार को जनसुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। जनसुनवाई में अधिकारीगण आवेदकों से प्राप्त शिकायत एवं समस्या का यथोचित मौके पर ही निराकरण करते हैं। आज आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत के पास कुछ ऐसे व्यक्ति भी पहुंचे जिन्होंने अपने बेटा बहू द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत श्री रावत एवं वरिष्ठ अधिकारियों से की। मंगलवार को आयोजन सुनवाई में ग्राम नया खेड़ा तहसील बनखेड़ी के श्री तुलसीराम सराठे ने आवेदन प्रस्तुत करके बताया कि उनका बड़ा बेटा राजा उर्फ़ विमलेश एवं बड़ी बहू साक्षी द्वारा आए दिन उन्हें और उनकी पत्नी को परेशान किया जाता है। गाली गलौज एवं मारपीट की जाती है।  साथ ही घर छोड़कर जाने के लिए कहा जाता है। वही एक और आवेदक मंगलवारा घाट निवासी परसराम तिवारी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पुत्र मनोज तिवारी और पुत्र वधू दीपा तिवारी द्वारा उन्हें और उनकी पत्नी को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें और उनकी पत्नी को बेटा बहू खाना तक नहीं देते हैं। श्री परसराम तिवारी ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनका पुत्र एवं पुत्रवधू उनके साथ कोई अप्रिय घटना ना कर दें। उन्होंने पुत्र एवं पुत्रवधू के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की। जनसुनवाई में ग्राम बछवाडा तहसील बाबई की श्रीमती ललिता साहू ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पुत्र प्रेम शंकर साहू एवं पुत्र वधू रुक्मणी द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उनकी विधवा पेंशन की पासबुक,  एफडी,  गहने आदि भी हड़प लिए गए हैं। उन्होंने अपने मूल दस्तावेज, गहने वापस दिलाने तथा पुत्र एवं पुत्रवधू के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत द्वारा संबंधित अधिकारियों को तत संबंध में उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए जनसुनवाई में बड़ी संख्या में माखन नगर तहसील के ग्राम चांदला के ग्रामीण पहुंचे थे। उन्होंने श्री रावत को आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम चांदला में आवारा मवेशियों द्वारा  द्वारा आए दिन गेहूं की फसल को नष्ट किया जाता है। सभी ग्रामीणों ने मांग की की इन आवारा मवेशियों को कहीं अन्यत्र शिफ्ट किया जाए या किसी गौशाला में उन्हें छोड़ दिया जाए। ताकि हमारी फसल नष्ट होने से बच सके। श्री रावत ने जनपद पंचायत माखन नगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रस्तुत आवेदन पर संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए गये। सिवनी मालवा के ग्राम शिवपुर के विक्रम सिंह यादव ने शिवपुर में अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन करने वाले डॉक्टर अमित यादव के विरुद्ध आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि डॉ यादव होम्योपैथिक डॉक्टर हैं लेकिन वे मरीजों का उपचार एलोपैथिक तरीके से कर रहे हैं। साथ ही मरीज से मनमानी फीस भी वसूल रहे हैं। इस कारण शिवपुर एवं आसपास के ग्रामीण उनसे काफी परेशान है। उन्होंने डॉक्टर पर कार्यवाही कर उनके अवैध क्लिनिक का संचालन बंद कराने की मांग की। श्री रावत ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश देहलवार को तत्काल मौके पर जाकर जांच कर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए जनसुनवाई में बनखेड़ी के ग्राम दहलवाड़ा के मन्जे ठाकुर ने आबादी के बने मकानों के पट्टे दिलाने की मांग की। उन्होंने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि ग्रामीणों ने पट्टे की मांग की थी लेकिन अब तक उन्हें पट्टे प्रदान नहीं किए गए हैं। नाला मोहल्ला इटारसी की श्रीमती जेरूनिशा ने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि वे ग्राम मेहरा गांव की किसान है उनकी कृषि भूमि पर पिछले 4 साल से एक दबंग व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है और उन्हें किसानी नहीं  करने नहीं दे रहा है। संबंधित थाने पर शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने अपने जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की वार्ड नंबर 6 नर्मदापुरम के वार्ड वासियों ने बिना शासकीय अनुमति के नर्मदा नदी के किनारे पर एक व्‍यक्ति द्वारा होटल निर्माण के लिए जमीन समतल करने की बात कही साथ ही वार्ड वासियों ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य पर्यावरण बाढ़ एवं माननीय हाईकोर्ट जबलपुर के आदेश के अनुकूल भी नहीं है। सभी ने किसी सक्षम अधिकारी को मौके पर जाकर उक्त निर्माण की अनुमति एवं नाला अथवा नर्मदा किनारे को भरकर निर्माण करने की अनुमति की जांच करवाने की मांग की ग्राम पंचायत रायपुर के दीपक जायसवाल ने पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से निकासी का पानी सार्वजनिक रास्तों पर भरने से संबंधित शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया। माखन नगर तहसील के ग्राम बिकौर के आवेदक श्रीमती मालती बाई रजक, कलीराम,  खेमचंद, अमर सिंह आदि ग्रामीणों ने ग्राम बिकोर के पटवारी की शिकायत करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया और बताया कि पटवारी द्वारा द्धेश भावना से पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने पर गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है। सीईओ श्री रावत ने तहसीलदार माखन नगर को  उक्त आवेदक के संबंध में जांच कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम मटकुली के सरपंच एवं सचिव ने भूमि खसरा नंबर 40 को आबादी घोषित करने संबंधी आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत किया। नर्मदा पुरम की रिटायर जिला पब्लिक हेल्थ नर्सिंग ऑफिसर निर्मला थबड़वाल ने रिटायरमेंट के बाद उनके मेडिकल बिल की राशि का भुगतान करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।  दहलवाड़ा के श्री संजय ठाकुर ने आबादी के बने मकानों के पट्टे दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बोर तलाई के योगेंद्र चौरे ने ग्राम बोर तलाई की भूमि का अर्जन रेलवे विभाग द्वारा करने एवं तत संबंध में अब तक मुआवजा राशि नहीं देने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने रेलवे से जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग की। माखन नगर के ग्राम सिलारी की श्रीमती प्रेम भाई शर्मा ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि उनकी निजी निस्तार भूमि जो मकान के रखरखाव हेतु छोड़ा गया था पर श्रीमती विमला बाई द्वारा असंवैधानिक रूप से प्रवेश कर उसमें पक्का शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने शौचालय का निर्माण कार्य रोकने की मांग की।तवा नगर तहसील इटारसी के आवेदक गणों ने ग्राम रानी पुर में बस प्रतीक्षालय के समक्ष बस स्टैंड गेट का निर्माण करने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया और मांग की की प्रतिक्षालय के साथ गेट और स्वच्छता के लिए हर ग्राम में सुखा और गीला कचरा हेतु डस्टबिन भी लगाया जाए। सिवनी मालवा के सेवानिवृत शिक्षक श्री जमुना प्रसाद माणिक ने विगत 13 माह का वेतन दिलाए जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। सीईओ श्री रावत ने सभी आवेदनों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह शीघ्र ही सभी आवेदनों की जांच कर नियम  अनुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। आज आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री अनिल जैन, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बृजेंद्र रावत, एसडीएम श्रीमती नीता कोरी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Previous articleसाइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित
Next articleआजीविका स्वाद संगम फ़ूड किओस्क का शुभारंभ – महिला सशक्तिकरण की ओर एक और कदम