नर्मदापुरम (निप्र)। मॉं नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम जिले के गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घोषणा की कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले में इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव माँ नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सेठानी घाट में बनाए जल मंच से मां नर्मदा की पूजा अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ के विकास कार्यो का भूमि पूजन किया। जिसमें 29.96 करोड़ के 24 कार्यों का भूमि पूजन किया एवं 74.76 करोड के 06 कार्यो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सेठानी घाट में आटे से बने 1 लाख 25 हजार दीपक का दीप दान किया गया। समूचा नर्मदांचल माँ नर्मदा की आस्था और श्रद्धा में डूबा रहा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उक्त दृश्य को देखकर कहा कि मॉ नर्मदा की पावन पुनीत भूमि पर आने के लिए देवता भी तरसते है। समूचा अंचल इंद्र की सभा की तरह लग रहा है। ऐसा आनंद देव लोक में ही संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा की आशीर्वाद प्रदेश के साथ है। म.प्र. नदियों का मायका है। यहां से मां नर्मदा एवं अन्य नदियां निकलती है। मनुष्य एवं देवता भी यहां अपना क्षण बिताने को अपना सौभाग्य मानते हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले का व्यापक रूप से विकास किया जाएगा। नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की टक्कर का शहर बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश में दूध की दुकानें खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होगी।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मां नर्मदा का बखान करते हुए कहा कि मां नर्मदा नदी ही एक ऐसी नदी है जिनकी परिक्रमा कर के लोग धन्य होते है। नर्मदा के जल से मालवा निर्माण एवं समूचा नर्मदांचल क्षेत्र के 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। हम सब सौभागयशाली है कि हमे कदम कदम पर सुख और समृद्धि की प्राप्ती हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी नदियों को जोडऩे का सपना देखा था। 20 साल बाद उस सपने को साकार किया जा रहा है। केन बेतवा नदी को जोडने से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। इस प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 01 लाख करोड़ की राशि स्वीकृत की है। डॉ यादव ने नर्मदापुरम जिले में हुए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की जानकारी देते हुए बताया कि इस कॉन्क्लेव से नर्मदापुरम संभाग में 31 हजार करोड़ का निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के लोग पलायन न करें अपनी खेती को बचा कर रखें मुख्यमंत्री ने कहा कि यह औद्योगीकरण आने वाली पीढी के लिए है। हमने सभी संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि लाडली बहना योजना से बहनों के जीवन में बदलाव आया है। डॉ यादव ने बताया कि कल वे स्वयं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कर रहे हैं तथा आने वाले समय में विद्यार्थियों को लैपटॉप भी दिये जाऐंगे। सनातन संस्कृति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत की संस्कृति धर्म से जुड़ी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार भगवान श्री राम एवं भगवान श्री कृष्ण की स्थली को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी। नरसिंहपुर होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सभी उपस्थित लोगों से कहा कि हम मां नर्मदा की सेवा करने का कार्य करें। मुख्यमंत्री ने पूर्व में ही हमें नर्मदा लोक की सौगात दी है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मध्यप्रदेश को अनेक सौगातें दी है। 17 जिलों में शराबबंदी की है। उन्होनें कहा कि नर्मदापुरम जिले में भी शराब बंदी की जाए। नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने कहा कि नर्मदा लोक के प्रथम चरण के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने दूसरे चरण के लिए 30 करोड की राशि देने एवं इंजिनियरिंग कॉलेज की सौगात देने की मांग की तथा कहा कि नर्मदापुरम को धार्मिक एवं पवित्र नगरी की श्रेणी में लाया जाए तथा जिले को विशेष पर्यटन जिले का दर्जा दिया जाए। इसके पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव ने कहा कि नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम समूचे विश्व में मनाये जाने वाला कार्यक्रम है। उन्होनें कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बिना मांगे ही जिले को सब कुछ दिया है। उन्होनें मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि नगर पालिका नर्मदापुरम को प्रदेश की नं 01 नगरपालिका बनाकर दिखाया जाएगा।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कन्या पूजन कर नर्मदा प्रकटोत्सव का शुभारंभ किया। आचार्य सोमेश परसाई, गोपाल प्रसाद खडडर एवं पं विनोद दुबे नें विधि विधान से पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर नरसिंहपुर होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नपाध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव, श्रीमती प्रीती पवन शुक्ला, महेंद्र यादव नपा के पार्षदगण, कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी, कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ गुरूकरन सिंह, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, व अन्य अतिथि मौजूद रहे।






