ग्राम पंचायत झरखेड़ा और अमलाहा में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेसजनों ने जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन

Join Us

भ्रष्टाचार के दोषी जनप्रतिनिधियों सहित सीहोर और इछावर जनपद सीईओ पर भी कड़ी कार्यवाही की मांग की
अपनी विवादित कार्यशैली के लिए मशहूर सीहोर जनपद सीईओ तथा इछावर जनपद सीईओ पर अविलंब हो निलंबन की कार्यवाही – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर जनपद की ग्राम पंचायत झरखेड़ा और इछावर जनपद की ग्राम पंचायत अमलाहा में हुए भारी भ्रष्टाचार का मुद्दा पिछले कई महीनों से सुर्खियों में बना हुआ है, अब इसे लेकर कांग्रेसजनों ने एक बार फिर से मोर्चा खोल दिया है । सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा के नेतृत्व में जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन से मुलाकात कर उनको एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने जिला पंचायत की
मुख्य कार्यपालन अधिकारी से सीहोर जनपद की ग्राम पंचायत झरखेड़ा और इछावर जनपद की ग्राम पंचायत अमलाहा में हुए भ्रष्टाचार के दोषियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने कहा कि सीहोर जनपद की ग्राम पंचायत झरखेड़ा और इछावर जनपद की ग्राम पंचायत अमलाहा में लाखों रुपए के भ्रष्टाचार का मामला सामने आने और इन दोनों ही मामलों में पंचायत सचिवों, सरपंच, पूर्व सरपंच और पूर्व सरपंच पति की सीधी संलिप्तता सामने आने के बावजूद दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई ना किए जाने से सीहोर जिला प्रशासन की काफी किरकिरी हो रही है और उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं जबकि इन दोनों ही मामलों में जिला प्रशासन की जांच के बाद इन सभी लोगों को दोषी पाया गया था लेकिन फिर भी इन पर कोई कार्यवाही ना होना दुर्भाग्यपूर्ण है । पंकज शर्मा ने जिला पंचायत सीईओ से कहा कि वो इन दोनों ही मामलों में हुई जांच में दोषी पाए गए पंचायत सचिवों, सरपंच, पूर्व सरपंच और पूर्व सरपंच पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाते हुए उन्हें जेल भिजवाएं ताकि आम जनता में सीहोर जिला प्रशासन की छवि में सुधार हो सके । इसके अलावा पंकज शर्मा ने इन दोनों ही मामलों में हीला-हवाली और लापरवाही करने के कारण सीहोर और इछावर जनपद पंचायत के सीईओ पर भी तत्काल निलंबन की कार्यवाही किए जाने की मांग की है, विशेषकर सीहोर जनपद पंचायत सीईओ की विवादित कार्यशैली और उनके द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के दोषियों को संरक्षण दिए जाने, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, सरकारी आयोजनों में राजनीतिक दलों के लोगों का स्वागत-सम्मान करने, जनपद पंचायत की बैठकों में बिना महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के पुरुषों की उपस्थिति में बिना कोरम पूरा किए ही महत्वपूर्ण निर्णय पारित करने पर सवाल उठाते हुए पंकज शर्मा ने उन्हें अविलंब पद से हटाए जाने की मांग जिला पंचायत सीईओ से की है । ज्ञापन का वाचन पंकज शर्मा द्वारा किया गया । इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी श्यामपुर के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण भाटी, भंवरलाल पाटिल, मंशाराम अहिरवार, मुख्तारनगर के पूर्व सरपंच सदरुद्दीन खान उपस्थित रहे ।

Previous articleविठलेश सेवा समिति नगर इकाई करेगी रेलवे स्टेशन पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की भोजन व्यवस्था
Next articleभारत और सनातन दोनों एक हैं इनको अलग नहीं किया जा सकता पंमोहितरामजी