भोपाल, (आरएनएस)। प्रदेश सरकार का अगला बजट चार लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है। इसके लिए वित्त विभाग अपनी अंतिम तैयारी पर है। लेकिन यह 16वें वित्त आयोग की बैठक पर निर्भर रहेगा। बैठक चार और पांच माच्र को भोपाल में प्रस्तावित है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश का बजट सत्र अगले माह के पहले सप्ताह में शुरु हो सकता है। पिछले दो माह से वर्ष 2025-26 का बजट तैयार करने में जुटे वित्त विभाग ने जनभागीदारी द्वारा बजट का प्रारूप तैयार किया गया है। लेकिन इस पर 16वें वित्त आयोग की बैठक के बाद ही अंकित निर्णय लिया जाएगा। जानकारों की मानें तो आयोग के समक्ष सरकार पूंजीगत मद सहित अन्य संभावनाओं के लिए अपनी दलील प्रस्तुत करेगी। जिस पर आयोग की सहमति मिलने के बाद ही वर्ष 2025-26 के बजट के प्रारूप पर मुहर लगेगी, जिसे सत्र के दौरान सदन में वित्त मंत्री द्वारा पेश किया जाएगा। जानकारों का कहना हे कि प्रदेश का वर्ष 2024-25 का बजट तीन लाख 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है। 22 हजार करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट के मायम से भी विभागों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई गई है। इसे देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि वर्ष 2025-26 का बजट चार लाख करोड़ रुपये तक का हो सकता है। गौरतलब है कि प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 24 और 25 फरवरी को आयोजित होनी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश विदेश के बड़े उद्योगपति और निवेशकों की मौजूदगी रहेगी। इसके चलते प्रदेश का बजट अगले माह यानि कि माच्र में आहूत करने का निर्णय लिया गया है। जीआईएस की वजह से इस बार 16वें वित्त आयोग ने भी अभी तक प्रदेश का दौरा नहीं किया है। आयोग के दौरे के बाद ही प्रदेश सरकार अपना बजट सदन में पेश करेगी। बताया गया है कि वित्त आयोग का भोपाल दौरा चार और पांच मार्च को हो सकता है। इसके बाद ही सत्र बजट सत्र शुरु होगा।







