भोपाल(आरएनएस)। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में घर-घर नल से जल पहुंचाने के लिए शुरु की गई एकल नल-जल परियोजनाओं का संचालन असफल ही साबित हुआ है। प्रदेश में 27 हजार एकल नल-जल परियोजनाओं के संचालन का काम पंचायतों के पास है। पंचायतों के पास न तो तकनीकी अमला है ओर न ही इनके रखरखाव के लिए बजट है, जिससे परियोजनाओं का संचालन नहीं हो पा रहा है। अगर कहीं पाइप लाइन फूट जाती है, मोटर खराब हो जाती है तो वह काफी समय तक नहीं सुधरती। बिजली बिल जमा नहीं करने से कनेक्शन तक कट जाता है। राजधानी में भी दो साल से सिर्फ योजना के तहत काम चल रहा है, लेकिन नल से जल घरों तक नहीं पहुंचा है। क्या है एकल नलजल योजना – एकल नल जल योजना में हर एक गांव के लिए अलग-अलग योजनाएं है। प्रत्येक गांव में बोर कर उसमें मोटर के जरिए लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। इसके लिए नेटवर्क और पूरा सिस्टम तैयार कर कंपनी परियोजना को पंचायतों के हाथों में सौंप देती है।







