म्यूजियम में विस्फोट कर 2500 साल पुराना ‘हेलमेट ऑफ कोटोफेनेस्ती’ किया चोरी

Join Us

एम्स्टर्डम,(ए)। नेटफ्लिक्स पर आई ‘मनी हाइस्ट’ और ‘बर्लिन’ जैसी सीरीज में चोरी की कहानियां अब सच साबित होती नजर आ रही हैं। यूरोप में मौजूद नीदरलैंड्स में चोरों ने एक म्यूजियम में चोरी की। इस चोरी में बम विस्फोट भी किया गया। चोर करीब 2500 साल पुराना सोने का मुकुट और तीन सोने के कंगन समेत चार प्राचीन कलाकृतियों चुरा ले गए। चोरों ने ‘हेलमेट ऑफ कोटोफेनेस्ती’ चुरा लिया। नीदरलैंड्स में हुई यह चोरी अंतर्राष्ट्रीय विवाद भी बढ़ा रही है। दरअसल चोरी हुआ सोने का हेलमेट नीदरलैंड्स का नहीं था।
इसे म्यूजियम ने रोमानिया के नेशनल हिस्ट्री म्यूजियम से उधार लिया था। इस हेलमेट के चोरी होने से रोमानिया की सरकार नाराज है। यह प्रदर्शनी प्राचीन रोमानिया में रहने वाले डेशियन समाज पर आधारित थी, जो रोमनों के कब्जा करने से पहले रहते थे। डच पुलिस के मुताबिक यह चोरी शनिवार की सुबह 3:45 बजे बजे हुई। पुलिस को तब एक विस्फोट की खबर मिली थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में विस्फोट से पहले संदिग्ध को बाहरी दरवाजा खोलते हुए देखा। इस कारण हवा में चिंगारी और धुआं फैल गया।
चोरों ने करीब 50 ईसा पूर्व के तीन सोने के कंगन के साथ 5वीं शताब्दी ईसा पूर्व के कोटोफेनेस्टी के हेलमेट को चुरा लिया। इस हेलमेट का असली मालिक रोमानिया का राष्ट्रीय इतिहास संग्रहालय है। ऐतिहासिक रूप से यह एक अहम कलाकृति थी। ड्रेंट्स म्यूजियम ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि सोने का हेलमेट करीब एक सदी पहले रोमानियाई गांव में खोजा गया था। यह एक मास्टरपीस है। इसके डिजाइन में कहानियों के दृश्य और दो आंखें बनी हैं। आंखे बनाने के पीछे माना जाता है कि यह बुरी नजर से रक्षा करने के लिए था।
प्रदर्शनी रविवार को खत्म होने वाली थी। हालांकि इस चोरी में इस्तेमाल हुए विस्फोट के कारण परिसर क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। डच पुलिस इंटरपोल के साथ इसकी जांच कर रही है। वह ग्रे रंग की एक कार खोज रहे हैं, जो म्यूजियम से 6.4 किमी की दूरी पर जलती हुई मिली। रोमानियाई पीएम मार्सेल सियोलाकू ने कहा था कि सरकार ने गृह मंत्रालय, न्याय मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और रोमानियाई पुलिस के प्रतिनिधियों के साथ एक क्राइसिस टीम का गठन किया है। संस्कृति मंत्री ने सोमवार को पोलैंड में एक कार्यक्रम में नीदरलैंड के पीएम और डच शाही परिवार के साथ बैठक में चोरी का मुद्दा उठाया। पीएम सिओलाकु ने कहा कि हम रोमानियाई सरकार का दृढ़ संदेश देंगे कि विरासत के इन अमूल्य टुकड़ों को जल्द बरामद किया जाए।

Previous articleचीन यात्रा पर भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री, चीनी विदेश मंत्री से मुलाकात की
Next articleकांगो के गोमा शहर पर विद्रोहियों का कब्जे का दावा, सरकार ने किया खंडन; हजारों लोग विस्थापित