पाकिस्तान समर्थक लेफ्टिनेंट जनरल रहमान जुटे तैयारी में
ढाका (ए)। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बाद अब वर्तमान सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान के तख्तापलट की भी साजिश हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेशी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद फैजुर रहमान सेना की बागडोर संभालने की तैयारियों में हैं। इस साजिश में कई कट्टरपंथी अधिकार भी शामिल हैं। रहमान ने पिछले हफ्ते ढाका में पाकिस्तान की सीक्रेट एजेंसी आईएसआई प्रमुख और उसके प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की थी। साथ ही वे बांग्लादेश की खुफिया एजेंसी डीजीएफआई से समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकते हैं।वकार-उज-जमान को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और भारत का समर्थक माना जाता है। उन्होंने 5 अगस्त को तख्तापलट के बाद हसीना को बांग्लादेश से निकलने में मदद की थी। जबकि इसके उलट रहमान अपनी कट्टरपंथी सोच और पाकिस्तान समर्थक रुख के लिए जाने जाते हैं। बांग्लादेश के आर्मी चीफ जनरल जमान पिछले 39 साल से बांग्लादेश की सेना में हैं। बांग्लादेश सैन्य अकादमी से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ बांग्लादेश से डिफेंस स्टडी में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने लंदन के किंग्स कॉलेज से डिफेंस स्टडी में एमए की डिग्री ली है।
नवंबर 2020 में उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में प्रमोशन मिला था। वे इन्फेंट्री ब्रिगेड, स्कूल ऑफ इन्फेंट्री एंड टैक्टिक्स और आर्मी हेडक्वार्टर्स की कमान संभाल चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में भी वकार ने काम किया है। सेना प्रमुख का पदभार संभालने से पहले वह करीब 6 महीने सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ रहे। 23 जून 2024 को वे चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ यानी बांग्लादेश के सेना प्रमुख बने।








