अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश दिल्ली पुलिस भी इसमें शामिल : आतिशी

Join Us

नई दिल्ली (ए)। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश रची जा रही है और इसमें भाजपा के साथ दिल्ली पुलिस भी शामिल है। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवतं मान ने भी कहा है कि केजरीवाल के खिलाफ हमले का अलर्ट है और दिल्ली पुलिस पर उन्हें भरोसा नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि केजरीवाल को फिर से पंजाब पुलिस की सुरक्षा दी जाए। आतिशी मार्लेना ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, दिल्ली में एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी। इस साजिश में दो खिलाड़ी हैं, एक तरफ भाजपा के कार्यकर्ता जो केजरीवाल पर अलग-अलग हिस्सों में हमला करते हैं, पत्थर फेंकते हैं और दूसरे खिलाड़ी हैं भाजपा और अमित शाह के अंदर आने वाली दिल्ली पुलिस। भाजपा और दिल्ली पुलिस की जुगलबंदी से अरविंद केजरीवाल की जान लेने की साजिश हो रही है। हम देख रहे हैं कि एक के बाद एक हमले अरविंद केजरीवाल पर हो रहेहैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा और अमित शाह का मकसद है कि किसी तरह से अरविंद केजरीवाल को खत्म कर देना। हमने देखा था जब केजरीवाल को झूठे मुकदमें में गिरफ्तार किया गया तो केजरीवाल का इंसुलिन रोका गया। अरविंद केजरीवाल की सिक्यॉरिटी में पंजाब पुलिस उनको सुरक्षा देने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। चुनाव से 10 दिन पहले जब केजरीवाल पर रोज हमले हो रहे हैं, तब पंजाब पुलिस को हटा दिया जाता है। मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल से प्यार करते हैं उन्हें अपना भाई-बेटा मानते हैं।

Previous articleमहाराष्ट्र के भंडारा में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में धमाका, 05 की मौत
Next articleएक्ट्रेस ममता कुलकर्णी महाकुंभ में महामंडलेश्वर बनीं