भोपाल(आरएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। शासन और निगम प्रशासन द्वारा आवारा कुत्तों की धरपकड़ के बाद भी काटने के कई मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला भोपाल में फिर डॉग बाइट का है जहां 9 साल के बच्चे पर कुत्तों ने हमला कर दिया। दरअसल घटना करोंद स्थित संजीव नगर की है जहां आवारा डॉग्स के झुंड ने बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चा गार्डन में खेल रहा था, तभी डॉग्स ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने पहले झपट्टा मारकर बच्चे को गिराया फिर हाथ-पैर और शरीर पर कई जगह काटा और खरोंच आई है। आसपास के लोगों ने पत्थर मारकर डॉग्स को किसी तरह भगाया।
नगर निगम की टीम ने गुरुवार को शहर से 73 आवारा कुत्तों को पकडऩे का दावा किया है। अमले ने नसबंदी के बाद 28 कुत्तों को वापस छोड़ा है। शहर के बैरागढ़, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड, एयरोसिटी, शास्त्री नगर, सुभाष नगर, चांदबढ़, सेमरा, करोंद, कटारा हिल्स, आनंद नगर, पटेल नगर, कोलार रोड, कान्हा कुंज क्षेत्रों से कुत्तों को पकड़ा गया है।
–








