भोपाल (ए.)। मौसम शुष्क होते ही तेज धूप ने ठंड की अकड़ निकाल दी7 दिन का तापमान तीन पायदान ऊपर चढ़ गया तो रात का एक पायदान ऊपर रहा। सर्दी के मौसम में गर्मी का अहसास बुधवार को लोगों ने महसूस किया। दिन में धूप तीखी लग रही थी। शाम ढलने के बाद कुछ ठंडक आई। फिलहाल, दो तीन दिन मौसम ऐसे ही रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले समय में ठण्ड लौटेगी। मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक राजस्थान और गुजरात के ऊपर बने चक्रवात की वजह से मौसम के हालात बदल गए हैं। चक्रवात के कमजोर पडऩे पर मौसम में बदलाव हो सकेगा। हालांकि उत्तरी हवाओं की रफ्तार तेज होने की वजह से तापमान में उछाल का उतना असर समझ में नहीं आ रहा है।
मौसम कार्यालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 28.03 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रात:काल 89 प्रतिशत और सायंकाल 40 प्रतिशत दर्ज की गई। सूर्योदय सुबह 6.53 बजे और सूर्यास्त शाम 5.52 बजे हुआ।
उत्तरी हवायें 2 से 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। प्रदेश में सबसे ठण्डा जिला पचमढ़ी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।







