रायपुर, (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से 21 मार्च तक संभव है। सरकार ने विधानसभा को इसका प्रस्ताव भेज दिया है हालांकि विधानसभा से प्रस्ताव के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन माना जा रहा है कि शासन ने जो तिथि प्रस्तावित की है, उसी के मुताबिक बजट सत्र बुलाया जाएगा। सत्र के दौरान बजट पेश किया जाएगा। राज्य सरकार वर्ष 2025- 26 का बजट बनाने की तैयारी तेजी से कर रही है।बजट बनाने के संबंध में विभिन्न स्तरों पर चर्चा का दौर महीनों से चल रहा है। यह प्रक्रिया अंतिम दौर में है। अब तक सचिव स्तरीय चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है। इसके बाद वित्त मंत्री के साथ विभागीय मंत्रियों की अलग-अलग बैठकें होंगी। इन बैठकों में विभागीय बजट और उसमें शामिल नवीन मद की योजनाओं के लिए सहमति दी जानी है। मंत्रि स्तरीय बजट चर्चा के बाद प्रस्तावित बजट के स्वरूप को राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद विधानसभा के बजट सत्र में वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे।








