गाजियाबाद (आरएनएस)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में रविवार तडक़े एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक महिला और 3 बच्चों सहित कुल 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं, एक महिला और 6 साल की बच्ची भी झुलसी है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने के बाद शवों को निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह 7:00 बजे सूचना मिली कि थाना लोनी क्षेत्र अंतर्गत कंचन पार्क मोहल्ले में एक मकान में आग लगी है। पुलिस द्वारा तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना की गई। फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पुलिस ने मकान में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के बाद घर के अंदर से एक महिला व तीन बच्चों का शव बरामद हुए। वहीं, एक महिला और छह साल की बच्ची भी झुलसी हुई हालत में मिली। घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन मंजिला मकान में नीचे वाले फ्लोर पर माता-पिता रहते थे, बीच वाले में शहनवाज का परिवार रहता था और उससे ऊपर वाली मंजिल पर शहनवाज का भाई रहता था। आग बीच की मंजिल पर लगी थी, जहां मृतक रहते थे। आग लगने के बाद माता-पिता नीचे से बाहर निकल गए, दूसरे भाई के बच्चे ऊपर से निकल गए। आग की चपेट में आने से एक महिला और छह साल की बच्ची भी झुलस गई।आग बुझाकर मकान के अंदर दाखिल हुए दमकल कर्मियों को वहां एक महिला और 3 बच्चों सहित 4 लोग बेहोशी मिले। उन्हें तुरंत ही स्थानीय पुलिस और लोगों के द्वारा अस्पताल भेजा गया।








