एक पहल: 101 वरिष्ठ नागरिक लेंगे देहदान का संकल्प

Join Us

 विजन जबलपुर के स्थापना दिवस पर उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में कन्याओं को सौंपी जाएंगी सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक

जबलपुर। विजन जबलपुर के स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में संस्कारधानी के 101 वरिष्ठजन सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए देहदान का संकल्प लेंगे। यह संकल्प पत्र समारोह में मेडिकल कॉलेज के डीन को सौंपे जाएंगे। समारोह 19 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे से शहीद स्मारक भवन में आयोजित किया गया है। विजन जबलपुर के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री राजेंद्र शुक्ला उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, उद्योगपति व समाजसेवी कैलाश गुप्ता उपस्थित रहेंगे। श्री सिंह ने बताया कि समारोह में निर्धन परिवारों की 101 कन्याओं को प्रधान मंत्री सुकन्या समृद्धि योजना के संस्था द्वारा खोले गए खातों की पासबुक सौंपी जाएगी। इससे पूर्व संस्था द्वारा राशि जमा कर 1151 कन्याओं के खाते खोले जा चुके हैं। हजारों लोगों को रोजगार देने वाले संस्कारधानी के उद्योगपतियों एवं किडनी प्रत्यारोपण का सफल ऑपरेशन करने वाले मेडिकल कॉलेज की 21 सदस्यों की टीम को समारोह में जबलपुर के गौरव का सम्मान प्रदान किया जाएगा। संस्था के सचिव सी एस राजपूत ने बताया कि संस्था से जुड़े 101 वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से भरे गए देहदान के संकल्प पत्र उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला की उपस्थिति में मेडिकल कॉलेज के डीन नवनीत सक्सेना को सौंपे जाएंगे। कोषाध्यक्ष अनूप मजूमदार ने बताया कि यह संस्था का नौंवा स्थापना दिवस है। सुरक्षा संस्थानों से सेवानिवृत अधिकारियों – कर्मचारियों द्वारा राष्ट्र व समाज के उत्थान के निमित्त संस्था विजन जबलपुर का गठन किया गया है। समारोह में सभी से उपस्थिति का अनुरोध संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने किया है।

Previous articleरबी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत किसान पंजीयन 20 जनवरी से प्रारंभ होगा
Next articleनरेंद्र तिवारी, दिलीप थापा और मेघा चक्रवर्ती का विस्फोटक प्रदर्शन