गेंहू उपार्जन कार्य के पर्यवेक्षण के लिए जिला उपार्जन समिति गठित
समस्या निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
सीहोर, शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। किसान तहसील कार्यालयो, ग्राम पंचायत कार्यालय तथा जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र, सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओ द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र तथा एमपी किसान एप पर अपना निशुल्क पंजीयन करा सकते है। इसी प्रकार लोक सेवा केन्द्र, एम.पी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर अधिकतम 50 रूपये शुल्क देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने जानकारी दी कि सिकमी/बटाईदार/कोटवार एंव वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एव सहकारी विपणन संस्था स्तर पर स्थापित पंजीयन केंद्रों पर उपलब्ध होगी। इस श्रेणी के शत-प्रतिशत किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में किया जाएगा। किसान पंजीयन के समय किसान को बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। जनधन, अक्रियाशील, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल पेटीएम, एवं नाबालिग बैंक खाता पंजीयन में मान्य नहीं होगें। पंजीयन व्यवस्था में बेहतर सेवा प्राप्त करने के लिए यह जरूरी होगा कि किसान अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाइल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखें। वन पट्टाधारी एवं सिकमी काश्तकार को पंजीयन के समय दस्तावेजों के साथ-साथ अनुबंध अथवा पट्टे की प्रति उपलब्ध करानी होगी। रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन कार्य करने के लिए इच्छुक एजेंसी (एम.पी ऑनलाईन / सीएससी) संचालक अपना आवेदन https://mpeuparjan.nic.in/ पोर्टल में कर सकते है। नवीन व्यवस्था में फसल बेचने के लिए किसान, निर्धारित पोर्टल से नजदीक के उपार्जन केन्द्र तिथि और टाइम के लिए फसल अनुसार स्लॉट का चयन स्वयं कर सकेंगे। सामान्य तौर पर उपार्जन प्रारंभ होने की तिथि से उपार्जन समाप्त होने के एक सप्ताह पूर्व तक उपार्जन केन्द्र, तिथि और टाइम के लिए स्लॉट का चयन किया जा सकेगा।
गेंहू उपार्जन के कार्य पर्यवेक्षण के लिए जिला उपार्जन समिति गठित
शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ के उपार्जन हेतु किसान पंजीयन एवं उपार्जन के संपूर्ण कार्य पर्यवेक्षण, स्कन्ध की गुणवत्ता निरीक्षण, उपार्जन की समस्त प्रक्रिया एवं पंजीयन / उपार्जन नीति अंतर्गत आने वाली कठिनाइयों का निराकरण करने के लिए जिला उपार्जन समिति का गठित की है। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार कलेक्टर श्री सिंह इस समिति के अध्यक्ष होंगे। इसी प्रकार उपायुक्त सहकारिता, कृषि उपसंचालक, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ, जिला लीड बैंक अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, एमपीडब्ल्यूएलसी शाखा प्रबंधक, एमपीएससीएससी जिला प्रबंधक, एनआरएलएम जिला परियोजना प्रबंधक, कृषि उपज मण्डी सीहोर सचिव अधीक्षक भू-अभिलेख समिति के सदस्य तथा जिला आपूर्ति अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।
खंड स्तरीय उपार्जन समिति गठित
शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ के उपार्जन हेतु किसान पंजीयन एवं उपार्जन के संपूर्ण कार्य पर्यवेक्षण, स्कन्ध की गुणवत्ता निरीक्षण, उपार्जन की समस्त प्रक्रिया एवं पंजीयन / उपार्जन नीति अंतर्गत आने वाली कठिनाइयों का निराकरण करने के लिए खण्ड स्तरीय उपार्जन समिति का गठित की है। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी समिति के अध्यक्ष होंगे। इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी कृषि, सहकारिता विस्तार अधिकारी, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, गोदाम प्रभारी एमपीएससीएससी, शाखा प्रबंधक एमपीडब्ल्यूएलसी, कृषि उपज मंडी सचिव, एनआरएलएम विकासखण्ड प्रबंधक सदस्य तथा सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। समिति क्षेत्रान्तर्गत उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण एवं बैठक आयोजित कर प्रतिवेदन प्रेषित करेगी।
गेंहू उपार्जन के लिए सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट नोडल अधिकारी नियुक्त
शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ श्री नितिन टाले को रबी विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ के उपार्जन के लिए सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है।
समस्या निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने प्रतिदिन जिले से कृषकों के पंजीयन, खरीदी एवं भुगतान संबंधी समस्याओं का निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय के खाद्य शाखा कक्ष क्रमांक 114 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। कंट्रोल रूम श्री रवि झारिया मोंबाईल नंबर 9425665036 तथा श्री नन्दलाल सूर्यवंशी मोबाईल नंबर 9753393992 की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को किसान पंजीयन, उपार्जन, भुगतान एवं सी.एम. हेल्पलाईन व अन्य माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों/आवेदनों का विधिवत रिकार्ड संधारण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तत्काल निराकृत की जाने वाली समस्याओं को दूरभाष पर ही संबंधित अधिकारियों की जानकारी में लाने तथा निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष, आगजनी, बारिश से संबंधित जानकारी तत्काल संबंधितों एवं नोडल अधिकारियों देने के निर्देश दिए गए हैं।
किसान पंजीयन, भुगतान में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए तकनीकी समिति गठित
शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत किसान पंजीयन 20 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिए किसान पंजीयन / उपार्जन एवं भुगतान में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री अनिल परमार के निर्देशन में जिला तकनीकी समिति गठित की है। समिति के अधिकारी-कर्मचारियों को किसान पंजीयन, उपार्जन एवं भुगतान में आने वाली तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।








