भोपाल,(आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24-25 फरवरी को भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में भाग लेने के लिए राजधानी आ सकते हैं। गत दिवस कलेक्ट्रट सभागृह में समिट की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, एडीएम सिद्धार्थ जैन ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की और पीएम की सुरक्षा को लेकर पुलिस से चर्चा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य समय से पहले पूरे कर लिए जाएं। बता दें भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्राहलय मं 24 से 25 फरवरी तक ग्लोबल इन्वेस्टर समिट प्रस्तावित है। इसमें जापान भी कंट्री पार्टनर के रूप में हिस्सा लेने जा रहा है। साथ ही प्रदश में निवेश के लिए देश-विदेश के नामचीन उद्योगपति शामिल होंगे। इसकी तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में नगर निगम ओर पीडब्ल्यूडी की सडक़ों की मरम्मत स्वच्छता और सौंदर्यीकरण आदि का जिम्मा सौंपा गया है। जबकि एमपीटी विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों को भी इसकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में समस्त विभागों के अधिकारी शामिल हुए।








