भोपाल(आरएनएस)। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में सोमवार-मंगलवार को रात के न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। इसी क्रम में मकर संक्रांति के दिन प्रदेश में सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दज किया गया। भोपाल, सीहोर, रतलाम एवं शाजापुर में शीतलहर चली। 26 शहरों में रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सतना, मैहर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, राजगढ़, पन्ना और छतपुर में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश में सबसे कम 50 मीटर दृश्यता सतना में दर्ज की गई। दिन का सबसे कम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस जबलपुर में रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक बार फिर विपरीत दिशाओं के सम्मिलन की स्थिति बनने लगी है। इस वजह से प्रदेश में फिर बादल छा सकते हैं। साथ ही ग्वालियर चंबल संभाग सागर एवं भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।








