भोपाल,(आरएनएस)। राजधानी के एक बिल्डर के अपहरण मामले में फरार आरक्षक हेमंत चौहान की बहाली करने के बाद ट्रैफिक डीसीपी संजय सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने उन्हें नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में विभागीय जांच भी शुरु हुई है। उधर डीसीपी ने अपनी सफाई में कहा कि आरक्षक के निलंबन के 45 दिन पूरे हो चुके थे, इसलिए बहाली की गई थी। परंतु जब यह मामला सामने आया तो पुलिस आयुक्त ने हेमंत चौहान की बहाली रद्द कर दी। साथ ही डीसीपी को भी नोटिस थमा दिया। बता दें, कोलार क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर नीतेश ठाकुर को उसके कुछ पूर्व साथियों ने पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में बैंकाक घूमने के नाम पर बंधक बना लिया था। बाद में बिल्डर की पत्नी से 30 लाख रुपए की फिरौत्ी के बाद उसे छोड़ दिया था। बिल्डर की पत्नी की शिकायत पर कोलार थाने में नामजद आरेापियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था।








