भोपाल।(आरएनएस)। अवधपुरी पुलिस ने दो नाबालिग सहित चार चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपए कीमत की सेंटिंग प्लेट बरामद की गई है। गिरोह का संचालन नगर निगम कर्मचारी का बेटा करता था। आरोपी चोरी के लिए किराए की लग्जरी कारों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी आरोपी बनाया है।अवधपुरी थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि एक दिन पहले ठेकेदार इंदल सिंह सिकरवार शिकायत लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि वह मकान बनाने का ठेका लेते हैं। वेदवती कॉलोनी स्थित साइट पर काम चल रहा है। वहां से उनकी करीब 90 सेंटिंग प्लेट चोरी हुई हैं। मामला दर्ज कर पुलिस ने आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें चोर थार कार से आते दिखाई दिए। पुलिस ने नंबर से कार ट्रेस की, जो ट्रेवल्स की निकली।पुलिस टीम ट्रेवल्स पर पहुंची तो पता चला कि चोरों ने कार किराए पर ली थी। वहां से मिले आधार और ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी से पुलिस ने चोरों को ट्रेस किया। पुलिस ने उदय नागले, सिद्धांत भटनागर सहित उनके दो नाबालिग साथियों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने चोरी की प्लेट कबाड़ी नसीम खान को बेच दी हैं। करीब एक लाख कीमत की प्लेट कबाड़ी ने 45 हजार में खरीदी थी।







