अपूर्व उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु गोबिंद सिंहजी का 358 वां प्रकाशोत्सव
जबलपुर /मुगल काल से लेकर अंग्रेजों के काले पानी तक सिख गुरुओं और शहीदों ने बेशुमार कुर्बानियां
देश धर्म, मानवता और भारतीय सनातन संस्कृति की ऐतिहासिक रक्षा की, लेकिन इतिहास में और शैक्षणिक पाठ्यक्रम में सिखों को उचित स्थान नहीं मिल पाया है। तदाशय के सारगर्भित उद्गार आज पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रकाशोत्सव गुरुपर्व में व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि देशवासियों में स्वाभिमान और साहस भरने के लिए गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना कर वीरोचित उद्घोष किया “सवा लाख से एक लड़ाऊं, चिड़ियों से मैं बाज तुड़ाऊँ, तबै गोबिंद सिंह नाम धराऊं । सिख सरबत का भला चाहता है ।”
राष्ट्र हित में पूज्य माता गुजर कौर, पिता गुरु तेग बहादुर एवं चार साहबजादों सहित अपना सर्व वंश बलिदान कर देने वाले खालसा पंथ के सृजक और सिख धर्म के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 358 वां प्रकाशोत्सव गुरुपर्व आज गुरुद्वारा प्रेमनगर मैदान में भव्य कीर्तन दरबार के साथ प्रकाश उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । इसमें श्री दरबार साहिब हरिमंदर साहिब अमृतसर पंजाब के हुजूरी रागी जत्था भाई बलविंदर सिंह, भाई जसविंदर सिंह लुधियाना, भाई महिंदर सिंह मल्होत्रा, दिलीप सिंह दर्दी एवं अखंड कीर्तनी जत्था ने मनोहारी गुरुवाणी शबद कीर्तन पेश कर साध संगत को सराबोर कर दिया । गुरु का लंगर दिनभर वितरित किया गया । इस मौके पर आयोजक गुरुद्वारा सदर के प्रधानसाहब सरदार प्रभजोत सिंह ने सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब, सांसद आशीष दुबे, सिख संगत के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, विधायक लखन घनघोरिया, संजय यादव, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, काके आनन्द,श्री रोहाणी,सौरभ नाटी शर्मा अजीत सिंह नैयर सीटू एवं दलजीत सिंह जस्सल सहित 40 गुरु प्रेमियों को शाल एवं सिरोपा प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रकाशोत्सव पर परस्पर लख लख बधाईयां देने सिलसिला चलता रहा। आयोजन की सफलता में नक्षत्र सिंह गिल, प्रेमनगर प्रधान मंजीत सिंह ननड़ा, प्रभजोत सिंह, लखबीर सिंह, कौमी सिंह, मंगत सिंह, हरजीत सिंह सूदन, परविंदर सिंह, एच एस रेखी, मदन दुबे एवं सेवादारों का उल्लेखनीय योगदान रहा । यहां कौर द क्वींस लेडिस क्लब द्वारा सिटी हस्पताल के सहयोग से पीड़ित मानवता की सेवा हेतु ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाया गया । सर्वत्र के भले की विशेष अरदास प्रार्थना के श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का हुकुमनामा एवं कड़ाह प्रसाद वितरण के साथ ही पर प्रकाशोत्सव का सोल्लास समापन हुआ।
रांझी में कीर्तन दरबार आज
जबलपुर/ उपनगरीय क्षेत्र रांझी में 6 जनवरी को प्रकाशोत्सव गुरुपर्व धूमधाम से मनाया जाएगा । जिसमें रागी जत्था भाई जसपाल सिंह, दिल्ली, गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी जयदीप सिंह, फगवाड़ा,पंजाब एवं विभिन्न विद्वतजन शिरकत करेंगे। प्रकाशोत्सव पर रांझी में कुलविंदर सिंह लाम्बा परिवार एवं साध संगत ने कार सेवा के साथ निशान साहिब की सेवा करवाई और भोरवेला में कीर्तनी प्रभातफेरी निकाली गई l तेज ठंड के बावजूद यहां छोटे बच्चे भी मौजूद रहे।
मढ़ाताल में आयोजन
जबलपुर/ गुरुद्वारा गुरुनानक स्थली मढ़ाताल में 6 जनवरी को प्रातः 6 बजे प्रभातफेरी निकाली जाएगी तदोपरांत प्रातः 9 बजे तक हुजूरी रागी जत्था भाई नरिंदर सिंह एवं साथी साजिंदे गुरुवाणी शबद कीर्तन पेश करेंगे।
इकबाल भवन में
इकबाल भवन स्थित गुरुद्वारा मासियां में सिख नारी मंच के नेतृत्व में मात्र शक्ति द्वारा आज 11बजे से 1.30 बजे तक प्रकाशोत्सव गुरुपर्व मनाया जाएगा ।








