नर्मदापुरम। भोपाल। केंद्र सरकार ने अधिकारियों में फेरबदल किए हैं। नागर विमानन महानिदेशालय का प्रमुख फैज अहमद किदवई को नियुक्त किया गया है। फैज अहमद किदवई मध्य प्रदेश कैडर के 1996 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस अधिकारी हैं। कृषि और किसान कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद से उन्हें अब डीजीसीए में महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। श्री किदवई की यादें होशंगाबाद और भोपाल से जुडी हुई हैं। उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर नर्मदापुरम व भोपाल के अनेक लोगों ने बधाई शुभकामनाएं दी है। किदवई कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेट्री थे। अब उन्हें मिनिस्ट्री आफ सिविल एविएशन में एडिशनल सेक्रेट्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नर्मदापुरम एवं भोपाल से शहीद चन्द्रशेखर आजाद युवा मंडल समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने श्री किदवई को बधाई प्रेषित की है। समिति के अध्यक्ष एसके यादव ने कहा कि श्री किदवई ने होशंगाबाद कलेक्टर रहते हुए अनेक रचनात्मक कार्य किए हैं। उन्हें जिले के नागरिक हमेशा याद करते हैं। उन्होंने नर्मदा तट के घाटों के विकास के लिए अनेक प्रयास किए थे। घाट की समिति बनाकर घाटों को जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्य कराए। एसके यादव ने कहा कि जल्द ही समिति का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली उनके गृह निवास पर पहुंचकर श्री किदवई को नई जिम्मेदारी व नूतन वर्ष की शुभकामनाएं देंगे। श्री किदवई को बधाई देने वालों में समिति अध्यक्ष एसके यादव, बलराम शर्मा के साथ ही सलमान, राणा सुल्तान, विजय कुमार, पवन कुमार, राजू, सहित अन्य अनेक सदस्य शामिल है।







