स्मार्ट सिटी के मिनी हॉल में आयोजित बैठक में निगमायुक्त द्वारा सभी अधिकारियों को स्वच्छता के मापदण्डों के बारे में विस्तार से दी गई जानकारी
स्वच्छता के लिए नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों को निगमायुक्त प्रीति यादव ने दी जानकारी और कार्य करने की नसीहत भी
जबलपुर। जबलपुर शहर को स्वच्छता में नम्बर वन बनाने नगर निगम द्वारा निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार लगातार कार्य किये जा रहे हैं। जिसकी समीक्षा स्मार्ट सिटी के मिनी हॉल में स्वच्छता के लिए नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर की गई। बैठक में सभी अधिकारियों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित स्वच्छता के मापदण्डो को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया और निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी संबंधित कर्मचारी जमीनी स्तर पर निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप ही कार्य करें। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने अधिकारियों को यह भी नसीहत दी कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह की पाली में फील्ड पर रहकर स्वच्छता संबंधी सम्पूर्ण कार्य करायेगें। उसके उपरांत कार्यालयीन कार्यो का निष्पादन करेगें।
निगमायुक्त श्रीमती यादव ने साफ तौर पर बैठक में निर्देशित किया कि जितने भी स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए हैं वे सभी कैलेन्डर एवं मापदण्डों के अनुरूप रूटीन बनाकर कार्य करें। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के कार्यो को प्राथमिकता से कराने के लिए सभी नोडल अधिकारियों एवं स्वास्थ्य अमले को सख्त निर्देश दिये।
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने बताया कि स्वच्छता से ही जबलपुर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनेगी इसलिए आप सभी अधिकारी कर्मचारी स्वच्छता के कार्यो को सर्वोच्य प्राथमिकता दें और सभी कार्यो को निर्धारित समयसीमा के अंदर स्थाई रूप से सम्पन्न कराएॅं ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के दौरान कराये गए कार्यो की पहचान आगे के लिए भी बनी रहे और काम आए। बैठक में उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही अधिकारीगण न करें। इस अवसर पर समस्त अपर आयुक्त, उपायुक्त, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, सहायक आयुक्त, नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








