कलेक्टर और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को 2 साल पहले भी दिया था ज्ञापन, नहीं हुई कोई कार्यवाही
लोगों की जिंदगी बर्बाद करने वाले सट्टेबाज आष्टा नपाध्यक्ष पति पर हो कठोर कार्रवाई – पंकज शर्मा
सीहोर । बुधवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला से मुलाकात कर उनको एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों ईडी की विभिन्न टीमों ने इंदौर, उज्जैन और लुधियाना में क्रिकेट और टेनिस की सट्टेबाजी से जुड़े लोगों के यहां छापेमारी की थी, जिसमें बड़ी संख्या में नकदी, मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, विदेशी सिम कार्ड, चांदी की सिल्लियों सहित अन्य कई प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री मिली थी और इसमें कई लोगों की गिरफ्तारी भी की गई थी । पंकज शर्मा ने कहा कि इस सट्टेबाजी गैंग के तार सीहोर से भी जुड़े होने की आशंका है, जिसके बारे में मेरे द्वारा लगभग 2 वर्ष पूर्व कलेक्टर महोदय और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक महोदय को शिकायत कर बताया गया था कि सीहोर जिले के आष्टा निवासी भाजपा नेता तथा आष्टा नगर पालिका अध्यक्ष के पति, तत्कालीन विधायक प्रतिनिधि का नाम इंदौर पुलिस की जांच में सट्टेबाजी से जुड़ा होने का मामला सामने आया था, जिसकी खबर कई अखबारों में भी छपी थी । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि इस मामले में उनके द्वारा कलेक्टर महोदय और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन के माध्यम से शिकायत करने के बावजूद भी दोषी के राजनीतिक रसूख की वजह से इस मामले को दबा दिया गया । पंकज शर्मा ने कहा कि अब क्रिकेट सट्टेबाजी का मामला फिर उठने और इसके तार दुबई सहित अन्य कई भारत विरोधी देशों से जुड़े होने और इस पैसे का इस्तेमाल कई अनैतिक कार्यों में किए जाने के कारण इस मामले में पुनः जांच की आवश्यकता है । पंकज शर्मा ने पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला से मांग की है कि सीहोर पुलिस को भी अब राजनीतिक दबाव में आए बिना दोषी के विरुद्ध सूक्ष्मता से जांच कर उनके दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसे अनैतिक कार्यों में लिप्त व्यक्तियों को सबक मिल सके और कई मासूम जिंदगियां तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार जो ऐसे सट्टेबाजी में लिप्त अपराधी, असामाजिक तत्वों के कारण कर्ज में डूबकर मुख्यधारा से कटकर एक नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, वो इन असामाजिक तत्वों के चंगुल से निकलकर मुख्यधारा से जुड़ सकें ।








