सभी शिवालयों में हो रही जोरदार तैयारी, काले महादेव से निकलेगी शाही सवारी
माता महाकाली सतरस्ते वाली, में भी हो रहे विशेष अनुष्ठान, आज आएगी महादेव की बारात
नर्मदापुरम। भोले की भक्ति का महान पर्व महाशिवरात्री के पावन पर्व पर आज नर्मदानगरी शिव आराधना से सराबोर रहेगी। शहर के शताधिक शिवालयों में जोरदार तैयारी चल रही हैं। शहर के प्रसिद्ध काले महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की बारात के रूप में शाही सवारी विशाल पालकी शोभायात्रा गाजे बाजे से निकाली जाएगी। बारात में हाथी, घोड़े, ऊंट भी शामिल किए जाएंगे। शिवजी की बारात काले महादेव मंदिर से लेकर सतरस्ते वाली माता महाकाली के दरबार तक पहुंचेगी। इसी के साथ शहर के शिव मंदिरों में महारूद्राभिषेक के आयोजन होंगे। नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में बीते 144 वर्षों की तरह इस वर्ष भी 24 घंटे तक देवादिदेव महादेव का रूद्राभिषेक 11 पंडितों के द्वारा किया जाएगा। प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के केंद्र में शिव जयंती का अायोजन किया जा रहा है।
पीली झंडी से पट गया शहर
काले महादेव की पालकी सवारी शोभायात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरेगी उन सभी मार्गों और चौराहों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। शहर के मुख्य मार्ग पर अनेक स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए गए हैं। पूरे मार्ग पर पीली झंडी लगाई गई है। वहीं मंदिर के आसपास आकर्षक सजावट की गई है।
महाशिवरात्रि महोत्सव पर चारों पहर रुद्राभिषेक
शिव शक्ति देवालय श्रीमाधव संन्यास आश्रम में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत द्वादश पार्थिव ज्योर्तिलिंग, नर्मदेश्वर शिवलिंग का रात्रि के चारो पहर संगीतगमय रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही भस्म आरती महाआरती की जाएगी। शिवम शिवालय में भजन कीर्तन के आयोजन होंगे।
शिवालयों में हुई साज सज्जा
महाशिवरात्रि पर्व के एक दिन पूर्व से ही शहर के सभी शिवालय सज गए हैं। शहर के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, इच्छापूर्ति महादेव मंदिर, शिवम शिवालय, माधव आश्रम, पंचमुखी महादेव मंदिर, शिद्देश्वर महादेव मंदिर, शनि शिवालय, के साथ ही शहर के अन्य भी शिव मंदिरों में विशेष पूजन अर्चन के आयोजन होना एक दिन पूर्व से ही शुरू हो गए हैं।
शिव तांडव स्वरूप का श्रंगार
नर्मदा तट के काले महादेव मंदिर में शिव नवरात्री उत्सव के तहत विशेष श्रृंगार की श्रृंखला में शिव तांडव स्वरूप का मनमोहक श्रृंगार किया गया। जिसके दर्शन करने वाले शिव भक्तों की देर रात तक कतार लगी रही।
धूमधाम से निकलेगी शाही सवारी
श्रीकालेमहादेव सेवा समिति के द्वारा आज महाशिवरात्री के पावन अवसर पर काले महादेव की पालकी शोभायात्रा के साथ ही शाही सवारी निकाली जाएगी। भगवान भोलेनाथ की बारात गाजे बाजे के साथ और विभिन्न झांकियाें के साथ निकाली जाएगी। माता महाकाली मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश शिवहरे ने बताया कि शिवजी की प्रतिमा पर सतरस्ते पहुंचने पर माता महाकाली द्वारा माला पहनाई जाएगी।
महारुद्राभिषेक के होंगे आयोजन
नर्मदा तट के सेठानी घाट पर शिवार्चन समिति के द्वारा सेठानी घाट पर 33 वर्ष से नर्मदा जी की जलधारा में नाव पर मंच बनाकर पार्थिवेश्वर महादेव की षोडशोपचार विधि से पं सोमेश परसाई के अाचार्यत्व में महारुद्राभिषेक किया जाएगा। प्राचीन नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में बीते 144 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत पं गोपाल प्रसाद खड्डर के आचार्यत्व में एकादश पंडितों के द्वारा रूद्राभिषेक किया जाएगा। पं भालचंद खड्डर के द्वारा नर्मदामंदिर में पूजन अभिषेक किया जाएगा। कमिश्नर बंगले के पास में स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में पूजन अर्चन भंडारे के आयोजन हाेंगे।
सभी शिवालयों में होंगे धार्मिक अनुष्ठान
शहर शिवालय में विशेष आयाेजन होंगे। हर मोहल्ले और कालोनी के लोग अपने अपने घरों के पास वाले शिव मंदिरों को सजाने में लगे हुए हैं। वहीं नर्मदा तट के सभी प्रमुख मंदिरों में भी महाशिवरात्री के आयोजन की तैयारी की जा रही है।






