वाराणसी (आरएनएन)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महान तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल के 50 भाषाओं में अनूदित संस्करणों का विमोचन किया। इनमें 10 विदेशी भाषाएं भी शामिल हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच हजारों वर्षों से गहरा सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहा है। काशी तमिल संगमम इस ऐतिहासिक रिश्ते को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने काशी को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि तमिल समाज के हृदय में इस पवित्र नगरी का विशेष स्थान है। तमिल लोगों के लिए काशी की यात्रा करना और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना एक प्रिय आध्यात्मिक अभिलाषा रही है। उन्होंने कहा कि भारत की भाषाई, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद एक साझा सभ्यतागत एवं आध्यात्मिक भावना सदैव देश को एकजुट रखती आई है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि इसी मजबूत सांस्कृतिक बंधन से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में काशी तमिल संगमम की शुरुआत की गई थी। यह पहल अब केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आंदोलन का स्वरूप ले चुकी है। इसके माध्यम से तमिलनाडु और काशी के बीच ऐतिहासिक संबंधों को पुनर्जीवित करने के साथ ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूती मिल रही है।
तिरुक्कुरल के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
इस वर्ष काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम-अर्थात तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ विषय पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य महान तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल के शाश्वत ज्ञान और नैतिक मूल्यों को विशेष रूप से विद्यार्थियों तथा युवाओं तक पहुंचाना है। उपराष्ट्रपति ने तिरुक्कुरल को जीवन का सार्वभौमिक मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि इसमें निहित समानता, मानवतावाद और नैतिकता का संदेश भाषा, क्षेत्र तथा राष्ट्र की सीमाओं से परे है। उन्होंने लोगों से इस महान ग्रंथ की शिक्षाओं का अध्ययन करने और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल का 50 भाषाओं में अनुवाद होना तमिल भाषा और साहित्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह महान संत कवि तिरुवल्लुवर की शिक्षाओं की सार्वभौमिक प्रासंगिकता का सम्मान भी है। उन्होंने बताया कि काशी तमिल संगमम के पहले संस्करण में तिरुक्कुरल का 13 भाषाओं में प्रकाशन किया गया था, जबकि दूसरे संस्करण में 16 अन्य भाषाओं में इसका अनुवाद किया गया। अब पांचवें संस्करण में यह ग्रंथ 50 भाषाओं में उपलब्ध हो गया है। इससे तमिल साहित्य की समृद्ध विरासत को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
दूसरी भाषाओं का सम्मान करना भी जरूरी
भाषाई सद्भाव के महत्व पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही उसे दूसरी भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा, “अपनी भाषा के प्रति प्रेम कभी भी दूसरी भाषा के प्रति शत्रुता में नहीं बदलना चाहिए।” उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी अनेक भाषाओं और साझा आदर्शों में निहित है।
उपराष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संगमकालीन तमिल कवि कनियान पुंगुंद्रनार की प्रसिद्ध पंक्ति ‘याधुम ऊरे, यावरुम केलिर’ का उल्लेख किए जाने को भी याद किया। इस पंक्ति का भावार्थ है कि पूरी दुनिया हमारा नगर है और सभी लोग हमारे अपने हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस संदेश के माध्यम से तमिल परंपरा में निहित सार्वभौमिक भाईचारे और मानवता के आदर्श को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया है।
युवाओं से राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
उपराष्ट्रपति ने युवाओं से पेरुंथलाइवर के. कामराज और पसुमपोन मुथुरामलिंग थेवर जैसे महान नेताओं के जीवन से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के सभ्यतागत मूल्यों को आगे बढ़ाने और देश को एकजुट रखने वाले संबंधों को मजबूत करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि राज्य में आर्थिक विकास और जनसुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ अपने पुराने संबंधों और मित्रता को भी याद किया, जिसकी शुरुआत वर्ष 1998 में हुई थी।
विकसित भारत का लक्ष्य सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ा हो
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की विकास यात्रा केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। भारत को अपनी सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और मानवतावादी विचारधारा के माध्यम से विश्व के सामने एक आदर्श के रूप में भी उभरना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विश्व संघर्ष, अनिश्चितता और विभाजन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में भारत के प्राचीन दर्शन ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। ये विचार संपूर्ण विश्व को शांति, सद्भाव और कल्याण का मार्ग दिखाने में सक्षम हैं।
अपने संबोधन के समापन पर उपराष्ट्रपति ने देश की नदियों को आपस में जोडऩे की परिकल्पना पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वह दिन अवश्य आएगा, जब गंगा का पानी कावेरी नदी तक पहुंचेगा।
तमिलनाडु से 1,400 प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा
काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, किसान, कारीगर, महिलाएं और उद्योग जगत के प्रतिनिधि सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की सांस्कृतिक परंपराओं, भाषाओं, ज्ञान और जीवनशैली से परिचित कराना है।
कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, चेन्नई स्थित शास्त्रीय तमिल केंद्रीय संस्थान, उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र और हंसराज विश्वकर्मा, उच्च शिक्षा विभाग की सचिव दीप्ति उमाशंकर, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष चामू कृष्ण शास्त्री, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी सहित आध्यात्मिक गुरु, विद्वान, तमिलनाडु से आए प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से पहले उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
००








