आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तट से टकराया चक्रवात अकवान, नदियां और समुद्र उफान पर, 3 लाख लोग किए गए शिफ्ट

Join Us

कोलकाता,(आरएनएस)। चक्रवाती तूफान अकवान ने शुक्रवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच ओडिशा के गोपालपुर तट के पास दस्तक दी। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। तूफान के लैंडफॉल की प्रक्रिया अभी जारी है। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात पिछले छह घंटों के दौरान 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। तूफान के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा में बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रभावित लोगों के लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं, जबकि 423 बचाव दलों को तैनात किया गया है। चक्रवात के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस चक्रवात का असर देश के 10 राज्यों में देखने को मिल सकता है।
चक्रवात ‘अकवान’ का असर पश्चिम बंगाल के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। चक्रवात ‘अकवान’ के असर से दक्षिण 24 परगना और मिदनापुर में बारिश के साथ हवाएं चल रही हैं। बारिश को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव के कारण दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर, रायदिघी, कुलपी, मगराहाट, फाल्टा और अन्य इलाकों में रात भर भारी बारिश होती रही। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी जारी है। खराब मौसम की वजह से सडक़ें सुनसान हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और तेज हवाओं से दक्षिण 24 परगना में नदियां और समुद्र उफान पर हैं। इसे देखते हुए यहां हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, मछली पकडऩे और समुद्र तट से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है, और सिविल डिफेंस के जवानों को तैनात किया गया है।
हालात को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। जिले के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों, बक्खाली और गंगासागर में पर्यटकों को पानी में उतरने या नहाने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इन जगहों पर सिविल डिफेंस के जवानों को तैनात किया गया है और समुद्र तटों पर मौजूद पर्यटकों को सतर्क करने के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं। इस बीच, लगातार हो रही बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिले के विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में कंट्रोल रूम खोले गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को बारिश और तेज हो सकती है।
मिदनापुर में चक्रवात ‘अकवान’ के कारण जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बारिश के साथ-साथ घना कोहरा भी छाया हुआ है।

Previous articleअयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, 50 लाख के पार पहुंच सकता है आंकड़ा
Next articleजनसंख्या नियंत्रण कानून बने, दो से अधिक बच्चों वालों को न मिले कोई सरकारी लाभ : बाबा रामदेव