दाउद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चलेगा बुलडोजर, जर्जर ‘मुसाफिरखाना’ इमारत पर बीएमसी ने चस्पा किया नोटिस

Join Us

मुंबई (आरएनएस)। भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना की जर्जर और खतरनाक इमारत को बीएमसी 18 और 19 नवंबर को गिराने जा रही है। इस संबंध में बीएमसी के सी वार्ड कार्यालय ने 16 नवंबर 2026 को नोटिस जारी किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बंदोबस्त तैनात रहेगा। इस इमारत में दाउद इब्राहीम का पुश्तैनी घर और ऑफिस था।
हालांकि इलाके के लोग और इस ट्रस्ट को लेकर लड़ाई लडऩे वालों का कहना है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इस पर ध्वस्तीकरण को लेकर रोक लगाई है, जबकि बीएमसी ने मात्र 24 घंटे का समय दिया है, ताकि हम कोर्ट भी न जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया जाता है, लेकिन बीएमसी ने ऐसा नहीं किया, मात्र 24 घंटे के अंदर यह कार्रवाई का फरमान जारी करते हुए नोटिस लगा दिया। पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित यह इमारत सी-एस नंबर 4315 के अंतर्गत आती है। बीएमसी ने इसे सी-1 श्रेणी की खतरनाक इमारत बताया है। नोटिस के मुताबिक, इस संबंध में बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को आदेश पारित किया था। इसके बाद बीएमसी ने इमारत खाली कराने और गिराने की प्रक्रिया शुरू की थी।
बीएमसी के अधिकारियों द्वारा हाल ही में किए गए निरीक्षण में पाया गया कि इमारत लगभग खाली हो चुकी है। केवल ग्राउंड फ्लोर पर प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है। बीएमसी का कहना है कि इमारत की जर्जर हालत से वहां आने वाले लोगों और राहगीरों की जान को खतरा है। वहीं, सेकंड कूपर स्ट्रीट के प्रस्तावित सडक़ चौड़ीकरण कार्य में भी यह इमारत बाधा बन रही है। बीएमसी के अनुसार, सडक़ के अलाइनमेंट में इमारत का कुछ हिस्सा आ रहा है और यहां सडक़ निर्माण का काम प्रस्तावित है। नोटिस में बताया गया है कि सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (एसबीयूटी) ने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वालों को धार्मिक गतिविधियां जारी रखने के लिए दो विकल्प दिए हैं। इनमें सेक्टर-4 के अन नसर टावर में यूनिट एफ67, एफ68 और स्68 में अस्थायी प्रार्थना स्थल उपलब्ध कराना अथवा दूसरी उपयुक्त जगह किराये पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देना शामिल है।
बीएमसी ने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वालों से कुरान शरीफ और अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक सुरक्षित हटाने तथा पूरी इमारत खाली करने को कहा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तारीखों पर पुलिस बंदोबस्त में इमारत को गिराने की कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा,कानून-व्यवस्था के लिए मुंबई नगर निगम जिम्मेदार होगा। मस्जिद के इमाम ने कहा, हम बस इतना चाहते हैं कि उस तरफ से चार लोग और इस तरफ से चार लोग एक साथ बैठें और बातचीत करके कोई समाधान निकालें। बीच में क्या निर्माण या व्यवस्था की जा सकती है और कहां जगह दी जा सकती है, इस पर बात हो।

Previous articleजम्मू-कश्मीर : कुलगाम में सुरक्षा बलों ने आतंकी लतीफ को किया ढेर, सीआरपीएफ के डीजी ने दी बधाई
Next articleऐसा करो इनके बैग में गांजा रख दो’, पुलिस का घिनौना चेहरा आया सामने, कपल को फंसाने के लिए दी धमकी