रेवाड़ी ,(आरएनएस)। हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। बावल के बनीपुर चौक के पास चने से भरा एक ट्रक हुंडई आई-10 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच साल का एक बच्चा घायल हो गया।
ट्रक के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई। गाड़ी का एक-एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कार की खिड़कियां तक काटनी पड़ीं। सभी घायलों को बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया।
हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक तेज रफ्तार में था। उसने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर द्ब-10 कार के ऊपर पलट गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया है। फरार ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।








