मुंबई के सीएसएमटी रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Join Us

मुंबई (आरएनएस)। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन पर बम रखे जाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने रेलवे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम 6 बजकर 50 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए एक धमकी भरा फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9420112655 से फोन कर सीएसएमटी रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना दी और स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
इसके बाद पूरे रेलवे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।
शनिवार रात 9 बजकर 30 मिनट पर तलाशी अभियान पूरा हुआ। हालांकि, इस दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
रेलवे पुलिस ने इस घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी है। फिलहाल पुलिस धमकी भरा फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसे पकडऩे में जुटी है। मामले की जांच जारी है। स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं।
वहीं, इससे पहले 12 नवंबर को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। पुलिस के अनुसार, सुबह 9 बजे दोनों संस्थानों के आधिकारिक मेल पर एक ही पैटर्न का धमकी भरा ईमेल आया था। ईमेल मिलते ही संबंधित विभागों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने पुष्टि की है कि यह एक फर्जी ईमेल था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर ईमेल के सोर्स की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से आईपी एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है। फिलहाल दोनों जगहों पर स्थिति सामान्य है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
00

Previous articleरक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, रणनीतिक जरूरत भी : राजनाथ सिंह
Next articleपंजाब में पराली जलाने के 5,785 मामले, 2 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना