बेंगलुरु के फाइव-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में फैला करंट, 2 विदेशी नागरिकों की मौत; बचाने कूदे अमेरिकी समेत 2 झुलसे

Join Us

बेंगलुरु (आरएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित हिल्टन ग्रुप के लग्जरी फाइव-स्टार कॉनराड होटल में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में पानी के भीतर अचानक हाई वोल्टेज करंट दौडऩे से दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिक शामिल हैं जो इस होटल में ठहरे हुए थे। वहीं, पूल में तड़प रहे इन दोनों मेहमानों को बचाने के चक्कर में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का एक भारतीय कर्मचारी भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जान गंवाने वाले जर्मन नागरिक की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस के रूप में हुई है, जो प्रतिष्ठित लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर के पद पर कार्यरत थे। वहीं, दूसरे मृतक 45 वर्षीय जुराज होर्वाट स्लोवाकिया के नागरिक थे और वे दिग्गज आईटी कंपनी आईबीएम (ढ्ढक्चरू) में बतौर प्रोजेक्ट मैनेजर सेवाएं दे रहे थे। दोनों शुक्रवार शाम होटल के रूफटॉप एरिया की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में तैराकी का लुत्फ उठाने पहुंचे थे, तभी पानी में करंट उतर आया।

बचाने की कोशिश में अमेरिकी मेहमान और पूल अटेंडेंट भी आए करंट की चपेट में
चश्मदीदों के मुताबिक जब दोनों विदेशी मेहमान पानी में बुरी तरह छटपटाने लगे, तो वहां मौजूद होटल के अन्य लोगों में अफरातफरी मच गई। उन्हें बचाने के लिए होटल में ही ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और वहां तैनात 28 वर्षीय भारतीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी बिना अपनी जान की परवाह किए आगे बढ़े। जैसे ही उन्होंने दोनों को बाहर खींचने की कोशिश की, वे भी करंट के जोरदार झटके की चपेट में आकर घायल हो गए। आनन-फानन में बिजली सप्लाई बंद कर दोनों घायलों को नजदीकी मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

25 हजार रुपए प्रति रात किराया, लापरवाही पर उठे सवाल; महीने भर के लिए पूल बंद
कॉनराड बेंगलुरु 24 मंजिला एक बेहद आलीशान होटल है, जहां एक सामान्य कमरे का किराया प्रति रात 25 हजार रुपये से अधिक है। इतने महंगे और नामचीन लग्जरी होटल में करंट फैलने की इस घटना ने प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद शनिवार सुबह होटल की आधिकारिक वेबसाइट पर गुपचुप तरीके से नोटिस चस्पा कर दिया गया कि उनका स्विमिंग पूल 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्यों के चलते बंद रहेगा। हालांकि, होटल प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से अभी तक अपनी लापरवाही पर कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया है। पुलिस ने आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज कर फॉरेंसिक टीम और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टरेट के साथ जांच शुरू कर दी है।

Previous articleरामलीला मैदान रैली: 250 कैमरे और 3,500 जवान रखेंगे नजर, सुरक्षा के सख्त इंतजाम
Next articleएसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम, सुप्रीम कोर्ट ने दी राहत