चेन्नई (आरएनएस)। चेन्नई हवाई अड्डे पर इंडिगो के एक यात्री विमान में उस समय हडक़ंप मच गया, जब विमान के उतरने के बाद रनवे पर धीमी गति से आगे बढऩे के दौरान एक यात्री ने कथित तौर पर आपातकालीन निकास द्वार खोलने का बटन दबा दिया। घटना के बाद विमान के चालक दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री को रोका। बाद में उसे पूछताछ के लिए हवाई अड्डा पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से 142 यात्रियों को लेकर इंडिगो की एक उड़ान मंगलवार रात करीब आठ बजे चेन्नई के घरेलू हवाई अड्डे पर पहुंची थी। विमान के उतरने के बाद जब वह रनवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था, तभी कॉकपिट में चेतावनी संकेत सुनाई दिया। इससे चालक दल को पता चला कि विमान के आपातकालीन निकास द्वार को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
चेतावनी मिलते ही विमान के चालक दल ने स्थिति की जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठे एक यात्री ने उसे खोलने वाला बटन दबा दिया था। चालक दल ने तुरंत हस्तक्षेप कर यात्री को रोका और उससे घटना के बारे में पूछताछ की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्री की पहचान तेलंगाना निवासी 40 वर्षीय श्रीशैलम के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह चेन्नई में फलों और सब्जियों के थोक कारोबार से जुड़ा है। घटना के बाद विमानन कंपनी के सुरक्षा अधिकारियों ने भी उससे पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान यात्री ने कथित तौर पर बताया कि उसका हाथ गलती से आपातकालीन निकास द्वार के बटन से छू गया था, जिससे बटन दब गया। उसने जानबूझकर द्वार खोलने का प्रयास करने से इनकार किया। हालांकि, विमानन कंपनी के सुरक्षा अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच के लिए उसे पुलिस को सौंप दिया।
यात्री को चेन्नई हवाई अड्डा पुलिस थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने घटना के संबंध में पूछताछ शुरू की। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बटन किन परिस्थितियों में दबा और क्या यह घटना अनजाने में हुई थी।
विमान में 142 यात्री सवार थे। हालांकि, घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले में पुलिस की जांच और संबंधित अधिकारियों की पड़ताल के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।








