नईदिल्ली,(आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवात ‘अर्नब’ बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट के बेहद करीब पहुंच गया। हालांकि, चक्रवात फिलहाल तट से टकराने के बजाय स्थिर बना हुआ है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश के काकीनाडा, विशाखापत्तनम और अनकापल्ली में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। पुडुचेरी के यानम और ओडिशा के कई इलाकों में भी मौसम खराब रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव वाले क्षेत्रों में 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने यानम के दक्षिण में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच चक्रवात के तट से टकराने वाले संभावित क्षेत्र की पहचान की थी। चक्रवात के कारण तटीय इलाकों में लगातार खराब मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि समुद्र में ज्वार के सामान्य स्तर से 1.5 से 2.5 मीटर तक ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं। इससे विशेष रूप से काकीनाडा और यानम के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ आने का खतरा है। चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया अगले दो से तीन घंटे तक जारी रहने की संभावना जताई गई थी।
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के पूर्वी तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। काकीनाडा में कई पेड़ उखड़ गए और विभिन्न स्थानों पर बिजली की लाइनें टूट गईं। विशाखापत्तनम में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने से बीच रोड और सीतामधारा क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अनकापल्ली और विशाखापत्तनम में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश और समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात से निपटने की तैयारियों और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला कलेक्टरों से लेकर जमीनी स्तर पर तैनात कर्मचारियों तक लगभग 32 हजार अधिकारियों के साथ दूरभाष के माध्यम से सम्मेलन किया।अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति सामान्य होने तक वे पूरी सतर्कता के साथ अपने मोर्चे पर डटे रहें और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।इस बीच, काकीनाडा में पुलिस ने भारी बारिश और समुद्र का पानी भरने के कारण बाढ़ में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखे हुए हैं।चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। गजपति, गंजाम, रायगढ़, कोरापुट, नबरंगपुर और मलकानगिरी जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढक़र 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा कालाहांडी, कंधमाल, नुआपाड़ा, बलांगीर, बरगढ़, पुरी, खुर्दा, सोनपुर, बौध और नयागढ़ जिलों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की गई है।
प्रशासन ने लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, समुद्र तटों और निचले इलाकों से दूर रहने तथा आवश्यकता पडऩे पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
००








