नईदिल्ली,(आरएनएस)। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रखा है। एक्स पर अपनी पहली पोस्ट में उन्होंने एक भावुक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ साल 1965 में इंग्लैंड के कैंब्रिज में शुरू हुई अपनी प्रेम कहानी के खूबसूरत पलों को याद किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा (संस्मरण) बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव की रिलीज की तारीख की भी घोषणा की है।सोनिया ने अपनी पहली एक्स पोस्ट में लिखा, कैंब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ। राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को मैं वह दुनिया आपके साथ साझा कर रही हूं। वीडियो में उन्होंने कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट में अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए राजीव गांधी और उनकी उन खूबियों के बारे में गर्मजोशी से बात की, जो उन्हें उनकी तरफ खींचती थीं। साझा किए गए वीडियो में सोनिया ने राजीव के प्रति अपने शुरुआती आकर्षण और उनकी सादगी का जिक्र करते हुए कहा, बेशक वे बेहद हैंडसम दिखते थे।
सोनिया ने उन दिनों इंग्लैंड में अच्छे खाने की किल्लत का जिक्र करते हुए बताया कि रेस्तरां बहुत कम हुआ करते थे। आखिरकार उन्होंने द वॉर्सिटी नामक एक ग्रीक रेस्तरां खोजा, जहां अक्सर भारतीय और इतालवी छात्र आया करते थे। उनमें खुद राजीव भी शामिल थे।
सोनिया ने राजीव से पहली मुलाकात को लेकर कहा, मैं राजीव से उसी रेस्तरां में मिली थी। मुझे लगभग तुरंत ही यह अहसास हो गया था कि वह कोई ऐसे व्यक्ति हैं जिनके साथ मैं सच में रहना पसंद करूंगी। बाद में मुझे पता चला कि वे भी मेरे लिए ऐसा ही महसूस करते थे। मुझे याद है जब एक कॉमन फ्रेंड ने हमारा परिचय कराया था और फिर हम दोस्त बन गए। हम पार्टियों में जाया करते थे।
सोनिया ने राजीव के स्वभाव पर कहा, वे बहुत ही सौम्य दिखने वाले व्यक्ति थे। यह एक ऐसी चीज थी जिसने मुझे गहराई से छुआ और प्रभावित किया। मैं उनसे अपनी उस पहली मुलाकात को कभी नहीं भूल सकती हूं।








