पिनाकोटा (आरएनएस)। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा पेश आया। अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव के पास चल रहे सडक़ निर्माण स्थल पर वाहनों में ईंधन भरते समय अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने और उसके बाद हुए जबरदस्त धमाके में कम से कम पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि पीडि़तों के शरीर के अंग घटनास्थल के आसपास दूर तक बिखर गए।पुलिस अधीक्षक (स्क्क) अमित बरदार ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। चूंकि यह निर्माण स्थल मुख्य शहर से लगभग 100 किलोमीटर दूर एक सुदूर इलाके में स्थित है, इसलिए यहां काम करने वाले कर्मचारी वाहनों में ईंधन डालने के लिए ड्रमों में भरकर डीजल लाते थे। प्राथमिक जांच के अनुसार, ठेकेदार के पिकअप ट्रक से डंपर में डीजल भरते समय कर्मचारियों से सावधानी में चूक हुई और किसी चिंगारी के संपर्क में आने से आग भडक़ उठी। देखते ही देखते लपटों ने पास खड़े पिकअप ट्रक, डंपर ट्रक और एक दोपहिया वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्टों के मुताबिक, आग लगने के तुरंत बाद वहां एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना तीव्र था कि वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों के शरीर के चीथड़े उड़ गए। पुलिस के अनुसार, एक शव वाहन के भीतर से बरामद किया गया, जबकि दो अन्य शव पास में ही क्षत-विक्षत हालत में मिले। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एसपी अमित बरदार ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह घटना आकस्मिक आग लगने की प्रतीत होती है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और जांच टीमों को भी मौके पर रवाना किया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले के सभी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आग लगने के असल कारणों का पता लगाया जा सके।








