मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर तक कई क्षेत्रों में बारिश की जताई संभावना, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी
नई दिल्ली (आरएनएस)। देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के कारण मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर भारत में तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम के समय ठंड का असर महसूस होने लगा है। रात में भी हल्की सर्दी का एहसास बढ़ रहा है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रह सकती है। उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, कश्मीर घाटी की ऊंची चोटियां रातभर हुई बर्फबारी के बाद बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं।
बर्फबारी के बाद प्रमुख सडक़ों और पर्यटन स्थलों पर बर्फ जमने से जनजीवन और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर में मैदानी इलाकों की तुलना में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिक ठंड रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। बारिश की गतिविधियां 20 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कडक़ने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
विभाग के मुताबिक, 18 से 23 अक्टूबर के दौरान तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 18 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी बारिश होने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 18 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। दिन के दौरान हवा की गति लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
सोमवार को भी दिल्ली में आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हल्की हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है। मध्य भारत के भी अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
कुल मिलाकर, उत्तर भारत में मौसम ठंड की ओर बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की आवश्यकता है।








