19-20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे का दौरा करेंगे रक्षा मंत्री, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय सहयोग पर होगी चर्चा
नई दिल्ली,(आरएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर, 2026 को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे का दौरा करेंगे। इस दौरान वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी) की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बैठक में संगठन के सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी का विस्तार करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क सुविधा, नवाचार तथा सांस्कृतिक और मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सदस्य देशों के बीच जारी सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। संगठन के वित्तीय और संस्थागत कामकाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में भारत की सक्रिय भूमिका
भारत शंघाई सहयोग संगठन के विभिन्न तंत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। स्टार्टअप और नवाचार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क और आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रीय सहयोग में योगदान देता रहा है।
दुशान्बे में होने वाली यह बैठक भारत को एससीओ के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करेगी। इसके माध्यम से व्यापार, निवेश, आर्थिक गतिविधियों और अन्य साझा प्राथमिकताओं से जुड़े मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा होगी।
मॉस्को में हुई थी पिछली बैठक
शंघाई सहयोग संगठन की शासनाध्यक्ष परिषद की पिछली बैठक 18 नवंबर, 2025 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित हुई थी। उस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने किया था। अब 25वीं बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत की ओर से भाग लेंगे।
00








