नई दिल्ली ,08 अक्टूबर (आरएनएस)। एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इंडिया ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन आज लगातार तीसरे दिन भी जारी रहेगा। कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों और मुख्यमंत्रियों को दिल्ली बुलाया है। कांग्रेस के साथ टीएमसी, वाम दलों समेत अन्य विपक्षी दलों के भी प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी आज दिल्ली पहुंच रही हैं।
बेंगलुरू में भी आज सीजेपी फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन स्ढ्ढक्र और महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में किया जा रहा है। सीजेपी एसआईआर को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। संगठन की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली में भी प्रदर्शन की तैयारी की गई है।
कांग्रेस आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के साथ ही 6 और 7 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान कथित बदसलूकी के विरोध में ‘ब्लैक डे’ मना रही है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ हाथापाई और बदसलूकी की। पार्टी ने सर्कुलर जारी कर अपने सांसदों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस आज भी बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है, हालांकि प्रदर्शन की जगह और समय अभी तय नहीं किए गए हैं। बुधवार को कांग्रेस नेता पहले कनॉट प्लेस में जुटे थे। इसके बाद अचानक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया।
कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 300 सांसदों के साथ आकाशवाणी भवन में धरना देने की बात कही थी, लेकिन उसके पास इन सांसदों की सूची तक नहीं है।
मेघवाल ने कहा कि इतने सांसदों के साथ मुलाकात की कोई परंपरा नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम तक तय नहीं कर सके। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना चाहते हैं और भारत के लोकतंत्र को भी बदनाम करने की नीयत से काम कर रहे हैं।








