नई दिल्ली(ए)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सऊदी अरब में सुरक्षा हालात को देखते हुए कई भारतीय एयरलाइंस ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं।एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सुरक्षा स्थिति को देखते हुए 10 अक्टूबर तक रियाद से जुड़ी उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया है। एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को रिफंड और यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिए जाने की बात कही गई है।
यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले स्टेटस जांचने की सलाह
एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान के लिए एयरपोर्ट रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर पता कर लें। सुरक्षा कारणों से उड़ानों में बदलाव या रद्दीकरण की स्थिति को देखते हुए बिना पुष्टि के एयरपोर्ट पहुंचने से बचने की सलाह दी गई है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता के मुताबिक, क्षेत्र में तेजी से बदल रहे हालात के कारण रियाद की उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द की गई हैं। प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के दूसरी तारीख पर यात्रा करने या टिकट रद्द करने की स्थिति में पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जा रहा है।
सऊदी अरब में बढ़ा सुरक्षा संकट
सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता उस समय बढ़ी, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने देश के कुछ एयरपोर्ट, सैन्य ठिकानों और तेल से जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का दावा किया।
गुरुवार को हूतियों की ओर से अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को सऊदी एयरस्पेस में उड़ान संचालन को लेकर चेतावनी दिए जाने की खबर सामने आई। इसके बाद रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने भी यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी।एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से कहा कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क कर उड़ान की स्थिति की जानकारी हासिल करें।
सऊदी अरब में हुए हमलों को लेकर भारत ने भी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की।








