भोपाल (संदीप पंडा )। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे स्थित छोले-भटूरे की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि दुकान में रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में आग आसपास की कई दुकानों और ठेलों तक पहुंच गई। आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठती दिखाई दीं, जबकि धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत छोले-भटूरे की दुकान से हुई। इसके बाद आग ने पास की मोबाइल दुकानों, कुर्ता-पजामा, बर्तन और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 10 से 12 रेहड़ियां भी जलकर खाक हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर 15 से अधिक दमकल वाहन भेजे गए।
दुकान की दीवार तोड़कर बुझाई आग
आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि दमकल कर्मियों को दुकान के भीतर पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए दुकान की दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया गया। दुकान में दो गैस सिलेंडर रखे होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर दोनों सिलेंडरों में विस्फोट के बाद आग फैलने की बात कही जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
दुकानों में भरा था त्योहारी सीजन का माल
हादसे के समय न्यू मार्केट की दुकानों में त्योहारी सीजन को देखते हुए बड़ी मात्रा में नया स्टॉक रखा हुआ था। दुकानदारों का कहना है कि आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। चार मंजिला बर्तन की दुकान सहित कई प्रतिष्ठानों में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। कुछ दिन पहले ही शुरू हुई कुर्ता-पजामा की दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
फायर ब्रिगेड पहुंचने में देरी का आरोप
सामने की दुकान के संचालक संजय कुमार जैन ने बताया कि आग सबसे पहले छोले-भटूरे की दुकान की भट्टी के आसपास लगी थी। देखते ही देखते आग ऊपर की ओर फैल गई। सूचना मिलने के बाद दमकल को बुलाया गया, लेकिन उनके मुताबिक फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में करीब आधा घंटा लगा। इस दौरान आग आसपास की दुकानों तक फैल गई।
जैन ने आरोप लगाया कि न्यू मार्केट क्षेत्र में जगह-जगह अतिक्रमण और मंदिर के आसपास वाहनों की भीड़ के कारण दमकल वाहनों को रास्ता बनाने में परेशानी हुई। उनका कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता था।
अतिक्रमण पर उठे सवाल
हादसे के बाद न्यू मार्केट में अतिक्रमण की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। दुकानों के बाहर और सड़कों के आसपास अतिक्रमण के कारण आपात स्थिति में बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की बात सामने आई है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि हादसे से सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने न्यू मार्केट को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही, ताकि भविष्य में आपात स्थिति के दौरान दमकल और अन्य राहत वाहनों को परेशानी न हो।
खाना खाने पहुंचे युवक ने सुनाई आंखोंदेखी
प्रत्यक्षदर्शी निलेश पाटिल ने बताया कि वह खाना खाने के लिए छोले-भटूरे की दुकान पर आया था। इसी दौरान भट्टी पर खाना तैयार करते समय अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते ऊपर लगा बैनर भी आग की चपेट में आ गया और लपटें तेजी से फैलने लगीं।
पाटिल के मुताबिक, उस समय दुकान के अंदर करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे। आग लगते ही लोग बाहर की ओर भागे। कुछ देर के लिए स्थिति ऐसी हो गई थी कि दुकान से बाहर निकलना भी मुश्किल लग रहा था। उसने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और इसके बाद अपनी गाड़ी वहां से हटाई।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित विभाग और दुकानदारों की ओर से किया जा रहा है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








