कुलगाम (आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उसके मददगार नेटवर्क के खिलाफ जारी मुहिम के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हासिल मिली है। सुरक्षाबलों ने बुधवार को कुलगाम में पांच आतंकी मददगारों को (ओजीडब्ल्यू) गिरफ्तार किया है। इनसे 2 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 40 राउंड (9एमएम) और 3 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुलगाम पुलिस, 9 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर कुलगाम जिले के खेरवन चद्दर इलाके में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान आतंकी संगठनों के पांच मददगारों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए ओजीडब्ल्यू में तजम्मुल हुसैन मीर निवासी गुफबल, रहमत अली नाइकू निवासी खेरवन, तहरीम अहमद भट निवासी खेरवन, मंजूर अहमद भट निवासी खेरवन चद्दर और किफायत अहमद डार निवासी मलताल्हामा, कुलगाम शामिल हैं।








