बेंगलुरु ,06 अक्टूबर ,(आरएनएस)। कर्नाटक में आम जनता पर महंगाई का बड़ा बोझ पडऩे जा रहा है। राज्य सरकार दूध की खुदरा कीमतों में भारी बढ़ोतरी करने की गंभीर तैयारी में है। दुग्ध उत्पादक संघों की मांगों और बढ़ते उत्पादन खर्च को देखते हुए दूध के दामों में 8 रुपये से लेकर 10 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का मसौदा तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को मंगलवार दोपहर आयोजित होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में विचार और अंतिम मंजूरी के लिए रखा जा सकता है।
8 से 10 रुपये प्रति लीटर तक इजाफे का प्रस्ताव
प्रस्ताव के अनुसार, यदि राज्य मंत्रिमंडल इस पर मुहर लगाता है, तो दूध की कीमतों में न्यूनतम 8 रुपये और अधिकतम 10 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा देखने को मिल सकता है। कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (्यरूस्न) और स्थानीय दुग्ध उत्पादक संघ लंबे समय से खरीद मूल्य बढ़ाने और घाटे की भरपाई के लिए दरों में संशोधन की मांग कर रहे थे। हालांकि, इतनी बड़ी बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट को सीधे तौर पर प्रभावित करेगी।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद तय होंगी नई दरें और तारीख
कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव पर औपचारिक मुहर लगने के बाद सरकार और केएमएफ द्वारा नई दरों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उसी के बाद यह स्पष्ट होगा कि नंदिनी दूध के विभिन्न पैकेट्स जैसे टोंड, फुल क्रीम या मानकीकृत दूध की नई कीमतें क्या होंगी और ये बढ़ी हुई दरें किस तारीख से लागू की जाएंगी।








