शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

Join Us

भोपाल (ए.)। मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती को लेकर चल रही मांग के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों में बढ़ोतरी करने का आग्रह किया है। 29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रिक्त पदों का असर सीधे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
एक लाख से अधिक पद खाली होने का हवाला
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने भर्ती में पद बढ़ाने की मांग उनके सामने रखी थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के लिए 13,089 और वर्ग-2 के लिए 10,800 पद ही निर्धारित किए गए हैं। पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इससे एक ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं। इनमें ऐसे युवा भी हैं, जो वर्तमान में अतिथि शिक्षक के रूप में स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। सीमित पदों के कारण योग्य अभ्यर्थियों को स्थायी नियुक्ति का अवसर नहीं मिल पा रहा है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे कुछ अभ्यर्थी आयु सीमा के नजदीक भी पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन और भूख हड़ताल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। पत्र में यह आरोप भी लगाया गया कि आंदोलन के बीच कुछ अभ्यर्थियों के घर सरकारी नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे उनमें भय का माहौल बन रहा है।

Previous articleवोट कटने और सीईसी कानून पर भडक़े पूर्व जज, जस्टिस नरीमन बोले- खतरे में लोकतंत्र, सुप्रीम कोर्ट तुरंत ले संज्ञान
Next articleआयुष्मान योजना के विरोध में निजी अस्पतालों का प्रदर्शन, भोपाल में निकली एम्बुलेंस रैली