20 राज्यों में बारिश, गरज और तेज हवाओं का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसम तंत्र

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कम से कम 20 राज्यों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 5 से 10 अक्टूबर के बीच कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव के साथ हल्की ठंड का अहसास शुरू हो गया है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया मौसम तंत्र विकसित हो रहा है, जिसके प्रभाव से कई इलाकों में मौसम के करवट लेने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सिक्किम और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा एक द्रोणिका उत्तर-पूर्वी बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। मन्नार की खाड़ी और दक्षिणी तटीय तमिलनाडु के पास भी एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण बना है। यहां से एक द्रोणिका पूर्व-मध्य अरब सागर तक विस्तृत है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यह मौसम चेतावनी ऐसे समय जारी की गई है, जब कुछ सप्ताह पहले बंगाल की खाड़ी में बने तूफानी मौसम तंत्र के कारण बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति बनी थी।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर के बीच हल्की से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान में पहले ही गिरावट दर्ज की जा रही है और आने वाले दिनों में इसमें और कमी आने की संभावना है। बारिश के कारण कुछ निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 7 से 9 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हाल में भारी बारिश से प्रभावित रहे उत्तर प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 6 से 8 अक्टूबर तथा 10 अक्टूबर को हल्की से कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं 9 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 5 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है। 6 से 8 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में भी 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। 5 से 7 अक्टूबर के बीच तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है।
बिहार में 5 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। 6 से 10 अक्टूबर के दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। झारखंड में 5 से 9 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है, जबकि 7 और 8 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 6 और 7 अक्टूबर को तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ओडिशा में 7 और 8 अक्टूबर को बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में भी 5 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 6 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है। 6 से 8 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 9 अक्टूबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9 तथा 10 अक्टूबर को बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 10 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है। तेलंगाना में 5 और 6 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी इस अवधि के दौरान कई दिनों तक बारिश होने का अनुमान है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 अक्टूबर के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी भारत में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 7 और 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं कोंकण और गोवा में 5 अक्टूबर को मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है। विभाग ने बिजली कडक़ने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। तेज बारिश और आंधी की स्थिति में स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।

०

Previous articleसुप्रीम कोर्ट का सीईसी ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने से इनकार, श्वष्टढ्ढ को नोटिस जारी
Next articleभारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को नई गति, मोदी-पॉर्मेलिन की बैठक में छह अहम समझौते