वृंदावन(आरएनएस)। संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े एक किशोर के लापता होने का मामला सामने आने के बाद वृंदावन में हलचल बढ़ गई। हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के रहने वाले 17 वर्षीय अनुज चौधरी के परिजन शुक्रवार को राधा केलिकुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए। परिवार ने बेटे की सकुशल बरामदगी की मांग की और आश्रम से जुड़े लोगों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस की जांच में आश्रम के रिकॉर्ड में अनुज के मौजूद होने की जानकारी नहीं मिली है। परिजनों के मुताबिक, अनुज ने 26 जून को प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद वह घर लौट आया था। परिवार का कहना है कि 3 जुलाई को वह आश्रम जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। 5 जुलाई को सादाबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अनुज के पिता राजवीर सिंह का आरोप है कि परिवार लंबे समय से बेटे की तलाश कर रहा है, लेकिन उन्हें आश्रम की ओर से संतोषजनक जानकारी नहीं मिल रही थी। एक साधु द्वारा अनुज को आश्रम परिसर में देखने का दावा किए जाने के बाद परिवार की आशंका और बढ़ गई।अनुज के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी आश्रम के बाहर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्रम के रिकॉर्ड की जांच की, लेकिन उसमें अनुज का नाम नहीं मिला। देर शाम सीओ वृंदावन ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें बेटे की तलाश में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब आठ घंटे चला धरना समाप्त हो गया।इसी बीच नोएडा की एक युवती के लापता होने का मामला भी सामने आया है। उसके पिता के मुताबिक, उनकी बेटी 15 अगस्त को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका पता नहीं चला।
परिवार ने नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और बेटी की तलाश में वृंदावन पहुंचा है।
ढाबे पर काम करने वाली महिला का 10 वर्षीय बेटा भी गायब
आश्रम के बाहर एक ढाबे पर काम करने वाली महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे के लापता होने की जानकारी भी दी है। महिला के मुताबिक, वह कुछ दिनों के लिए गांव गई थी और अपने बेटे को ढाबे पर छोड़ गई थी। वापस लौटने पर बच्चा वहां नहीं मिला। इस मामले की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि इसका अनुज के लापता होने से कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
शिष्य की मौत के बाद भी चर्चा में आया था आश्रम
इससे पहले प्रेमानंद महाराज से जुड़े एक शिष्य दीपक लोढ़ी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला भी चर्चा में रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, वह वृंदावन में एक इमारत की चौथी मंजिल से गिरा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। मौत की परिस्थितियों को लेकर अभी जांच जारी है।








