दहेज में 10 तोला सोना और 45 लाख कैश देने के बाद भी नहीं भरा पेट, तंग आकर महिला इंजीनियर ने की खुदकुशी

Join Us

पुणे ,29 सितंबर ,(आरएनएस)। पुणे में शादी के महज कुछ महीने बाद एक 23 वर्षीय महिला आईटी इंजीनियर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वैष्णवी प्रवीण जरांडे के रूप में हुई है। उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार वैष्णवी की शादी 9 मई को ओंकार संजय घिसारे के साथ हुई थी। शादी के बाद वह पुणे स्थित ससुराल में रहने लगी थी। कुछ समय वह नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु में रही और जून के अंत में पुणे लौट आई। इसके बाद वह ससुराल में रहते हुए ही एक आईटी कंपनी में नौकरी कर रही थी।
शादी में 45 लाख रुपये और 10 तोला सोना देने का दावा
वैष्णवी के मायके वालों का आरोप है कि शादी में उन्होंने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे और 10 तोला सोना भी दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से कार खरीदने के लिए मायके से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि पैसे और कार की मांग पूरी नहीं होने पर वैष्णवी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मौत से पहले मां को किया था फोन
परिवार की शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर की रात वैष्णवी ने अपनी मां को फोन किया था। उसने कथित तौर पर फोन पर ससुराल में हो रही परेशानी और उत्पीडऩ के बारे में बताया था। उसी रात करीब 11:30 बजे उसके पति की ओर से भी वैष्णवी के मायके फोन किया गया।
इसके बाद परिवार ने वैष्णवी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब उससे बात नहीं हो सकी तो परिजन तत्काल पुणे के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचने पर उन्हें वैष्णवी की मौत की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली।
पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज
वैष्णवी के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति ओंकार संजय घिसारे, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध कानून तथा आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले में परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleअक्षय खन्ना ने मालाबार हिल में खरीदा लग्जरी आशियाना, 2 करोड़ चुकाई सिर्फ स्टांप ड्यूटी; देखें नए घर की खासियत
Next articleसरकारी अस्पताल में जन्म पर नवजात को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी, सरकार ने शुरू की नई योजना