बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत, 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल टली, खुले रहेंगे सभी बैंक

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। हड़ताल टलने के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा। हड़ताल ऐसे समय प्रस्तावित थी, जब बैंकों में छमाही क्लोजिंग की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में तीन दिनों तक बैंक बंद रहने से ग्राहकों के साथ-साथ बैंकिंग लेन-देन और अन्य वित्तीय गतिविधियों पर असर पडऩे की आशंका थी। अब हड़ताल स्थगित होने से बैंकिंग सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पांच दिन के कामकाजी सप्ताह को लागू करना भी शामिल है। आईबीए और यूएफबीयू के बीच हुई सहमति के अनुसार, महीने के सभी शनिवारों में से बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए दोनों पक्षों की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। यूएफबीयू के अनुसार, समिति इस संबंध में उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करेगी और विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशेगी, जिसे बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों सहित संबंधित पक्षों के लिए स्वीकार्य बनाया जा सके।बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना का मुद्दा भी उठा। यूएफबीयू और आईबीए इस योजना में संभावित बदलावों को लेकर आगे बातचीत करेंगे।

 

Previous articleउज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर बवाल, भीड़ ने किया पथराव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
Next articleबोइंग 737 मैक्स विमानों में ऑटोपायलट खराब, एयर इंडिया और अकासा के 97 विमानों पर असर